लंदन : ब्रिटेन में एक रिपोर्ट वहां की जेलों में महिलाओं की खराब स्थिति को बयां करती है. एक रिपोर्ट के हवाले से यह कहा गया है कि इंग्लैंड और वेल्स की जेलों में महिला कैदियों को जेल के कर्मचारी शराब और सिगरेट जैसी चीजों के बदले उन्हें सेक्स के लिए मजबूर करते हैं. इस रिपोर्ट को जेल में सेक्स विषय पर बने आयोग ने प्रकाशित किया है. आयोग का गठन समाजसेवी संस्था हॉवर्ड लीग फॉर पीनल रिफॉर्म ने किया था.
इस रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि ब्रिटेन की जेलों में महिलाएं असुरक्षित हैं और पुरुषों की तुलना में उनके हिंसा या यौन शोषण का शिकार होने की आशंका अधिक है. यह इंग्लैंड और वेल्स की जेलों में सेक्स को लेकर की गई अपनी तरह की पहली समीक्षा है. जेल में चल रहे इस घिनौने अपराध के बाद एचआईवी जैसे यौन संक्रमण से होने वाली बीमारियों के जेल में दाखिल होने की संभावना अधिक होती है.
अपनी सिफ़ारिशों में इस आयोग ने कहा है कि महिला क़ैदियों के साथ काम कर रहे कर्मचारियों को खास प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की ज़रूरत है ताकि वो महिलाओं का फायदा उठाने की बजाए उनकी मदद कर सके. इस आयोग के अध्यक्ष क्रिस शेफ़ील्ड ने कहा कि जेल में महिलाएं ख़ासतौर पर असुरक्षित हैं और पुरुषों की तुलना में उनके हिंसा या यौन शोषण का शिकार होने की आशंका अधिक है. वहीं जेल के प्रवक्ता का कहना है कि जेल में यौन शोषण की जिन घटनाओं का वर्णन इन रिपोर्ट में किया गया है वो दुर्लभ हैं. उन्होंने इस मामले की जांच की बात कही है और कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी.
