वाशिंगटन : एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि भारत समुद्री डकैती संपर्क समूह का एक बहुत महत्वपूर्ण सदस्य है और उसकी हिरासत में सबसे अधिक संख्या में समुद्री लुटेरे हैं.
काउंटर पाइरेसी एंड मैरीटाइम सिक्युरिटी की अमेरिकी समन्वयक डोन्ना होपकिंस ने कहा, ‘‘ भारत संपर्क समूह का बहुत महत्वपूर्ण सदस्य है और उसकी हिरासत में किसी अन्य देश की तुलना में सबसे अधिक समुद्री लुटेरे हैं.’’उन्होंने कहा कि लगभग प्रत्येक तटीय देश, समुद्र किनारे स्थित देश और बड़े पोत परिवहन कर्ता देश ने संपर्क समूह में सक्रिय भागीदारी कर योगदान दिया है.
डोन्ना ने कहा कि इस समय 21 देशों की जेलों में 1,430 ऐसे सोमाली समुद्री लुटेरे बंद हैं जिनपर या तो संदेह है या उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है या वे दोषी सिद्ध हो चुके हैं. भारत के बाद सोमालिया में सबसे अधिक समुद्री लुटेरे हिरासत में हैं.
उन्होंने बताया कि मई 2012 से सोमालिया के तट के निकट किसी प्रकार की समुद्री डकैती या किसी जहाज का अपहरण नहीं हुआ है.डोन्ना ने कहा, ‘‘यह पिछले छह वर्षों से अधिक समय में, खासकर 2011 में संकट के चरम के बाद अपहरण की कोशिश की सबसे कम दर है.’’
