वाशिंगटन : अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने नागरिक सुरक्षा और मानवाधिकार मामलों की उप मंत्री सारा सेवाल को तिब्बती मुद्दों के लिए विशेष समन्वयक मनोनीत किया है.यह घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ दलाई लामा की व्हाइट हाउस में हुयी मुलाकात के दिन ही की गयी.
तिब्बत के आध्यात्मिक नेता के साथ मुलाकात को लेकर चीन ने चेतावनी देते हुए कहा था कि इससे अमेरिका के साथ उसके द्विपक्षीय संबंधों पर भारी असर पड़ सकता है.
विदेश मंत्रलय के मुताबिक, सेवाल की जिम्मेदारियों में चीन की सरकार और दलाई लामा या उनके प्रतिनिधियों के बीच ठोस बातचीत को बढ़ावा देने के लिए काम करना शामिल है.
एक बयान में कहा गया है कि वह तिब्बती मुद्दों को लेकर वैश्विक और विशेषकर चीन, भारत और नेपाल, जहां तिब्बतियों की काफी संख्या है, के साथ द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और परियोजनाओं पर समन्वय का काम देखेंगी.
