पेशावर : उत्तरी वजीरिस्तान और खैबर कबायली इलाके में पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने उग्रवादियों के ठिकानों पर आज बम गिराए जिससे 40 से अधिक उग्रवादी मारे गए. इन उग्रवादियों में विदेशी उग्रवादी भी शामिल थे.
कुछ दिन पहले ही सरकार ने 23 सैनिकों को मार डालने को लेकर तालिबान के साथ बातचीत रोक दी थी. हवाई हमलों की मंजूरी खुद प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने दी थी. ज्यादातर हमले उत्तरी वजीरिस्तान एजेंसी के मीर अली इलाके में उग्रवादी ठिकानों पर किए गए. हमले खैबर एजेंसी में भी किए गए.
पाकिस्तानी समाचार चैनलों के अनुसार, हमलों में विदेशी लड़कों सहित कम से कम 40 उग्रवादी मारे गए. एक सैन्य सूत्र ने बताया 13 फरवरी को पेशावर के सिनेमाघर पर बम विस्फोट करने वाले और 18 फरवरी को सेना के एक मेजर को मार डालने वाले उग्रवादियों को लक्ष्य कर आज खैबर एजेंसी के बारा इलाके में उनके ठिकानों पर बम गिराए गए. सूत्र ने बताया पुष्टि हुई है कि मीर अली इलाके में 16 उजबेक आतंकी भी मारे गए.
