बगदाद : इराक की राजधानी बगदाद और आसपास के इलाकों में हुए कई कार बम विस्फोटों में 23 लोग मारे गए. इस बीच सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के नियंत्रण वाले अंबर प्रांत में हमला बोला है. एक पुलिस अधिकारी के अनुसारकि महमूदिया कस्बे में स्थानीय परिषद भवन के पास कार विस्फोट हुआ और उसके कुछ ही देर बाद समीप के एक बाजार के बगल में भी एक और कार विस्फोट हुआ. इन विस्फोटों में नौ लोग मारे गये और 28 घायल हो गये.
बगदाद में विस्फोटकों से लदी एक कार में उत्तरी हुरैया के समीप एक व्यावसायिक क्षेत्र में विस्फोट हुआ जिसमें चार लोग मारे गये और 11 घायल हो गये. शहर के पूर्वी हिस्से में एक अन्य कार विस्फोट में तीन राहगीर मारे गये और नौ घायल हो गये.
बगदाद के पड़ोसी शिया बहुल सद्र शहर में एक मिनी बस में लगे बम के फटने से एक यात्री की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये. बगदाद के अब्दु दशीर जिले में एक कार बम धमाके में चार लोग मारे गये और 14 अन्य घायल हो गये.
हाल के महीनों में इराक के भीतर हिंसा में बढ़ोतरी हुई है. पिछले महीने की हिंसा में एक हजार से अधिक लोग मारे गए. विदेशी नेताओं ने शिया नीत सरकार से कहा है कि सुन्नी समुदाय तक पहुंचने की कोशिश करे ताकि आतंकवादियों को मिल रहे समर्थन को कम किया जा सके. इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने भी सख्त रुख अपनाया है.
