इस्लामाबाद : पाकिस्तानी पत्रकारों के साथ बातचीत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर मिलीजुली प्रतिक्रिया हुई और एक अखबार ने उन्हें ‘‘सबसे प्रभावहीन’’ भारतीय नेता कहा तो दूसरे ने उनकी सादगी की तारीफ की है.
केजरीवाल के बारे में ‘द न्यूज डेली’ ने अपनी खबर में लिखा है कि एक और ‘इंडिया शाइनिंग’ के सपने देखने वाला भारत का नया सितारा देश का सबसे प्रभावहीन नेता लगता है जिसका एजेंडा सबसे प्रभावशाली है. अखबार ने लिखा है कि अपना ‘‘केजरीवाल मफ्लर’’ लपेटे आम आदमी पार्टी का यह नेता ‘‘आम आदमी की राजनीति के मिशन’’ के हथियार से लैस है.
केजरीवाल ने नई दिल्ली आए पाकिस्तानी पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल से शुक्रवार को मुलाकात की थी. द्विपक्षीय संबंधों के बारे में पूछने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं कभी पाकिस्तान नहीं गया. मैंने पाकिस्तान के साथ भारत के संबंधों का अध्ययन भी नहीं किया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं चाहता हूं कि भारत का संबंध पूरी दुनिया के देशों के साथ शांतिपूर्ण हो.’’ ‘डॉन’ की खबर के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के संबंधों के बारे में कुछ और बोलने पर जोर डालने पर उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो यह मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर की बात है. आपको केंद्र सरकार से पूछना चाहिए.’’
केजरीवाल की तीखी आलोचना करने वाले ‘द न्यूज’ ने लिखा है, ‘‘यह कहना कि वह विदेशी पत्रकारों से मिलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे, मानक के अनुरुप नहीं है और लोगों को आश्चर्य भी है कि क्या अपने सिविल सेवा की परीक्षा की तैयारियों के दौर में की गई पढ़ाई के बाद उन्हें आज याद है कि नक्शे पर पाकिस्तान कहां आता है.’’कांग्रेस से मिले समर्थन के बारे में प्रश्न पूछने पर केजरीवाल ने कहा, ‘‘उन्होंने हमें फंसाने के लिए ऐसा किया और अब वह स्वयं फंस गए हैं.’’ उन्होंने कहा कि आप ने भ्रष्टाचार, अपराधीकरण, वाणिज्यिकरण और वंशवाद की राजनीति को दिखाने के लिए ‘‘भ्रष्ट नेताओं’’ को निशाना बनाया. ‘डॉन’ की खबर के अनुसार, पाकिस्तानी पत्रकारों ने जब आप की सफलता पर उन्हें बधाई दी तो, केजरीवाल ने कहा, ‘‘सब अल्लाह का शुक्र है. हम तो बहुत छोटे लोग हैं.’’
