लंदन : पंजाबी गायक और अभिनेता सुरिंदर शिंदा को यहां लंदन में एक सांस्कृतिक समारोह के दौरान पंजाबी सर्कल इंटरनेशनल ने जीवन पर्यन्त उपलब्धि पुरस्कार :लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’’ से सम्मानित किया.
ब्रिटेन के अटॉर्नी जनरल डोमिनिक ग्रीव और महिला एवं समानता के लिए शैडो मंत्री सीमा मल्होत्र ने कल रात रिवरसाइड वेन्यू में आयोजित ‘पंजाबी कल्चरल अवार्ड्स 2014’ में संयुक्त रुप से यह पुरस्कार शिंदा को दिया.
उन्हें दिए गए प्रशस्तिपत्र में कहा गया है ‘‘शिंदा पारंपरिक पंजाबी के मूल भांगड़ा संगीत गायक हैं और उन्हें आधुनिक पंजाबी संगीत का जनक माना जाता है. उन्होंने कई हिट गाने दिए हैं जैसे कि पुत्त जट्टां दे और बलबीरो भाभी आदि.’’ शिंदा ‘पुत्त जट्टां दे’ और ‘उच्चा दर बाबे नानक दा’ जैसी पंजाबी फिल्मों में भी दिख चुके हैं.
पुरस्कार पाने वाले अन्य कलाकारों में ब्रिटिश–भारतीय भांगड़ा संगीतकार चन्नी सिंह भी हैं जिनको पश्चिम में भांगड़ा का जनक माना जाता है. बहुभाषी सामाजिक–राजनीतिक रेडियो प्रसारक साथी लुधियानवी और लंदन में बसे पंजाबी कवि, गीतकार और रेडियो प्रसारक चमन लाल चमन भी सम्मानित होने वालों में शामिल थे.
निरपाल राय द्वारा पंजाबी सर्कल इंटरनेशनल के इस तरह के पहले वार्षिक सांस्कृतिक पुरस्कार की शुरुआत किए जाने की सराहना करते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने अपने संदेश में कहा, ‘‘पुरस्कार पाने वाले सभी कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है.’’
