पेरिस : अरब की दुनिया में दिल की बीमारियां और हृदयाघात की समस्या ने अब संक्रामक रोगों की जगह ले ली है. पश्चिम का अनुकरण करते हुए अब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां अरब की दुनिया में समय पूर्व मौत का प्रमुख कारण बन गई हैं.
ग्लोबल बर्डेन ऑफ डिजिजेज रिपोर्ट के मुताबिक, वैज्ञानिकों के एक अंतरराष्ट्रीय संघ ने गहन अध्ययन के बाद प्राप्त आंकड़ों का प्रयोग कर 22 देशों वाले अरब लीग में वर्ष 1990 और 2010 की स्वास्थ्य की स्थिति की तुलना की.
वर्ष 1990 में श्वसन से जुड़ी समस्याएं प्रमुख चिंताएं थीं और 11 प्रतिशत मौतों का कारण बनती थीं इसके अलावा मृत्यु दर की सूची में प्रसव दौरान मृत्यु और कुपोषण भी शामिल थे.
जांच में यह पता चला कि कोमोरोस, डिजिबूटी, मॉरिटानिया, सोमालिया और यमन जैसे कम आय वाले देशों में ये समस्याएं अभी भी विद्यमान हैं. रिपोर्ट के मुताबिक लेकिन कुल मिलाकर एचआईवी के अपवाद को छोड़ संक्रामक रोगों में कमी आई है.
