इस्लामाबाद: केंद्रीय मंत्री शशि थरुर के साथ विवादों में आने वाली पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार ने आज कहा कि उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत पर वह ‘एकदम सकते’ में हैं. पुष्कर की मौत की खबर सामने आने के बाद लाहौर की 45 वर्षीय पत्रकार तरार ने ट्वीट किया, ‘‘वाट द हेल-सुनंदा-ओ माई गॉड’’
एक अन्य ट्वीट में तरार ने कहा, ‘‘मैं अभी उठी हूं और यह पढने को मिला. मैं पूरी तरह से सकते में हूं. बहुत त्रसद है मुङो नहीं पता कि मैं क्या कहूं. ईश्वर सुनंदा की आत्मा को शांति दे.’’थरुर और तरार के बीच कथित विवाहेतर संबंध से नाखुश पुष्कर एक पांच सितारा होटल में मृत पायी गयी जिसे पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 52 वर्षीय पुष्कर का शव लीला पैलेस होटल में रहस्यमयी परिस्थितियों में पाया गया. उन्होंने अगस्त 2010 में थरुर के साथ शादी की थी. पिछले दो दिनों में पुष्कर और थरुर विवादों में आ गए थे जब इस तरह की खबरें आयी कि अपने पति और तरार के बीच कथित टैक्सट और ट्वीट मैसेजों से वह नाखुश थी.
13 वर्षीय एक बेटे की मां तरार ने थरुर के साथ संबंधों से इंकार किया था. क्या वह थरुर को जानती हैं इस पर तरार ने कल कहा था, ‘‘भारत में एक साक्षात्कार के लिए पिछले साल अप्रैल में मैं उनसे मिली थी. इसके बाद दुबई में एक समारोह में मुलाकात हुयी थी. हां ट्विटर और ईमेल पर उनसे संपर्क में रही हूं.’’ विवाद सामने आने के बाद अपनी पत्नी के साथ थरुर ने एक संयुक्त बयान में कहा था कि उनकी वैवाहिक जिंदगी खुशहाल है लेकिन कुछ अवैध ट्वीट से परेशान हुए हैं. पुष्कर ने तरार पर अपने पति का पीछा करने और उनका विवाह ‘तोड़ने’ का भी आरोप लगाया, जब वह चिकित्सा उपचार करा रही थी.
ट्वीट जंग के बीच पुष्कर ने यह भी आरोप लगाया कि तरार आईएसआई एजेंट है. तरार ने आरोपों से इंकार किया और उनके खिलाफ मानहानि का मामला दायर करने की धमकी दी थी.
