शिकागो : अमेरिका में बच्चों के हाथों गोलीबारी की एक और घटना में चार साल की एक लड़की ने बंदूक से खेलते समय गोली चला दी जिससे उसी की उम्र के उसके रिश्ते के एक भाई की मौत हो गयी.
गोलीबारी की यह घटना कल डेट्रॉइट में उस समय हुई जब लड़की शहर के पूर्वी इलाके में स्थित अपने घर में लड़के के साथ खेल रही थी. डेट्रॉइट उप प्रमुख रॉडने जानसन ने बताया कि जिस समय यह घटना हुयी उस समय वहां तीन बच्चे मौजूद थे. वे सभी आपस में रिश्ते के भाई-बहन थे. तीसरे बच्चे की उम्र पांच साल है.
डेट्रॉइट पुलिस के सूचना अधिकारी एडम मडेरा ने बताया कि बच्चे को बिस्तर के नीचे एक बंदूक मिली. उन्होंने उसे निकाल लिया और उससे खेलने लगे. मडेरा के हवाले से सीएनएन ने खबर दी है कि अभी यह जांच का प्रारंभिक चरण है और यह एक दुखद घटना प्रतीत होती है. जानसन ने बताया कि घर में एक बड़ा व्यक्ति मौजूद था लेकिन वह परिवार का दोस्त था और बच्चों से उसका संबंध नहीं था.
