इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह के वकील ने आज कहा कि परवेज मुशर्रफ का इलाज कर रहे चिकित्सक हृदय रोग के इलाज के लिए उन्हें अनिवार्य रुप से विदेश जाने की सलाह दे सकते हैं और अदालत को ऐसी सलाह माननी होगी.
मुशर्रफ की कानूनी टीम के सदस्य अहमद रजा कसूरी ने कहा कि रावलपिंडी स्थित आम्र्ड फोर्सेज इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी के चिकित्सक 70 वर्षीय पूर्व सेना प्रमुख को इलाज के लिए विदेश जाने का सुझाव दे सकते हैं.उन्होंने अस्पताल के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘चिकित्सक का सुझाव आखिरी होगा और अदालत उसका पालन करेगी.’’ 2007 में आपातकाल लगाने को लेकर देशद्रोह के आरोपों का सामना कर रहे मुशर्रफ कल जब विशेष अदालत जा रहे थे तभी रास्ते में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.मुशर्रफ की प्रवक्ता आसिया इशाक ने कल बताया था कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है.
