सिनाबंग (इंडोनेशिया) : इंडोनेशिया में पिछले कई महीनों से धधक रहे ज्वालामुखी के कारण 19 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घरबार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है. इस सक्रिय ज्वालामुखी से रात के समय नौ बार लावा निकला.
राष्ट्रीय आपदा राहत एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुर्वो नुग्रोहो ने कहा कि पश्चिमी द्वीप सुमात्रा पर स्थित सिनाबंग पर्वत के ज्वालामुखी में कल रात विस्फोट हुआ और चट्टानों के टुकड़े और राख निकलकर हवा में 7 हजार मीटर की उंचाई तक उड़ती देखी गयी.नुग्रोहो ने कहा, सिनाबंग पर्वत के बारे में उच्च अलर्ट जारी किया गया है और हमने चेतावनी दी है कि पांच किलोमीटर तक के दायरे में कोई मानवीय गतिविधि नहीं हो.
उन्होंने कहा, सोमवार रात तक 19,126 लोग अपने घर छोड़कर चले गये हैं और हमें इस संख्या के बढ़ने की उम्मीद है. नुग्रोहो ने कहा कि पुलिस और सैनिक इस खतरे के क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं. इनका काम उन लोगों को निकालना है, जो अपने घरों को छोड़कर नहीं जाना चाहते.सिनाबंग पर्वत इंडोनेशिया के दर्जनों सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है. यह वर्ष 2010 के बाद सितंबर में सक्रिय हुआ था और तब से धधक रहा था.
