न्यूयार्क: भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े के वकील ने कहा है कि अमेरिकी अधिकारियों ने वीजा जालसाजी के आरोपों में देवयानी की जांच और गिरफ्तारी में गड़बड़झाला किया है क्योंकि एक संघीय एजेंट ने भारतीय राजनयिक की नौकरानी के वेतन के संबंध में दिए गए कागजात के पढ़ने में ‘‘गंभीर’’ गलती की है.
देवयानी के वकील डैनियेल आरशाक ने कहा कि ‘डिप्लोमैटिक सिक्युरिटी सर्विसेज’ के एजेंट मार्क स्मिथ ने भारतीय राजनयिक के मामले की जांच और उनकी गिरफ्तारी की थी और उन्होंने मामले में औपचारिक शिकायत के सही होने की शपथ ली थी.आरशाक ने कहा कि स्मिथ ने ‘‘डीएस-160 फार्म पढ़ने में एक गलती की जिसने घरेलू नौकरानी, संगीता रिचर्ड के वीजा आवेदन का समर्थन किया था.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने गलत और विनाशकारी रुप से माना कि फार्म पर 4500 डॉलर महीना तनख्वाह का इंदराज (संगीता) रिचर्ड की अपेक्षित तनख्वाह है जबकि यह वास्तव में साफ तौर पर यह नियोजक, खोबरागड़े की ओर से अजिर्त की जाने वाली बुनियादी तनख्वाह की रिपोर्टिंग है.’’
