बीजिंग: विशेषज्ञों का कहना है कि लद्दाख में घुसपैठ को लेकर भारत-चीन की सीमा पर पैदा हुए विवाद का असर चीन के नए प्रधानमंत्री ली केकियांग की भारत की प्रस्तावित यात्रा पर पड़ सकता है.
पेइचिंग विश्वविद्यालय के तहत अंतरराष्ट्रीय अध्ययन स्कूल में शस्त्र नियंत्रण और निरस्त्रीकरण केंद्र के निदेशक हान हुआ ने कहा कि प्रधानमंत्री के अपने पहले दौरे के लिए भारत का चयन करके चीन ने द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की इच्छा का संकेत दिया है लेकिन मौजूदा सीमा विवाद उनके दौरे पर असर डाल सकता है. हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन ली ने अपने विदेशी दौरे के लिए सबसे पहले नयी दिल्ली जाने की इच्छा जाहिर की है और यह दौरा मई में होने की संभावना है.
उससे पहले भारत के विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद नौ मई को बीजिंग का दौरा करेंगे. हान ने ‘ग्लोबल टाइम्स’ से कहा, ‘‘ भारतीय मीडिया में चीनी बलों के सीमा पार जाने की खबरें नई नही हैं. हालांकि ये खबरें प्रधानमंत्री से दौरे से पहले अनुचित समय पर सामने आईं और राजदूत को इस बारे में बुलाना भी अनुचित था.’’
