दुनिया के अलग अलग हिस्सों में मई में हुए घटनाक्रम इस प्रकार हैं :
इस्लामाबाद ( 1 मई ) :मौत की सजा का सामना कर रहे भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की लाहौर के अस्पताल में मौत. उच्च सुरक्षा वाली जेल में अन्य कैदियों के हमले में गंभीर रुप से घायल सरबजीत छह दिन से कोमा में थे.
लाहौर ( 2 मई ) एयर इंडिया के विशेष विमान से सरबजीत सिंह का शव अमृतसर भेजा गया.
बीजिंग : लद्दाख की देपसांग घाटी से चीन ने अपने सैनिकों को वापस बुलाने की समय सीमा बताने से इंकार किया लेकिन कहा कि इस मुद्दे के कारण दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों में उपजा तनाव बातचीत के जरिये शीघ्र ही दूर किया जाएगा.
लाहौर ( 4 मई ) पाकिस्तान प्रशासन ने भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर जेल में हमले के सिलसिले में जेल के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित किया.
कुआलालंपुर ( 6 मई )_ नजीब रजक ने दूसरी बार मलेशिया के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. उनके सत्तारुढ़ गठबंधन ने चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की.
लाहौर ( 7 मई ) चुनाव प्रचार के दौरान एक अस्थायी लिफ्ट से मंच पर चढ़ रहे पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के अध्यक्ष इमरान खान अचानक गिरे और बुरी तरह घायल हो गए.
वाशिंगटन ( 8 मई ) अमेरिका में एक गुरुद्वारे के बाहर 82 वर्षीय एक सिख को लोहे की छड़ से मार कर घायल किया गया.
इस्लामाबाद ( 9 मई ) पाकिस्तान ने भारत की जेल में बंद अपने कैदी सनाउल्ला रंजे पर हमले की घटना की जांच और भारत की जेलों में बंद अपने सभी नागरिकों की सुरक्षा की मांग की.
बीजिंग ( 10 मई ) भारत ने चीन के नए प्रधानमंत्री ली क्विंग के समक्ष पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों की लद्दाख में हालिया घुसपैठ को लेकर चिंता जताई और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया.
माले ( 11 मई ) मालदीव के गृह मंत्री मोहम्मद जमील अहमद को सितंबर में उप राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनावों में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने के बाद राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद ने बर्खास्त किया.
लाहौर ( 12 मई ) नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल..एन संसदीय चुनावों में अकेली सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरी.
इस्लामाबाद ( 13 मई ) पाकिस्तान के आम चुनाव में पराजय के बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ के बिजली परियोजनाओं की स्थापना में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते देश छोड़ने पर रोक.
कुआलालंपुर ( 15 मई ) मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजक ने पांच मूलनिवासी भारतीय नेताओं को लेकर नया मंत्रिमंडल बनाया लेकिन उसमें देश के इतिहास में पहली बार, शक्तिशाली चाइनीज पार्टी का कोई चेहरा शामिल नहीं किया.
ढाका ( 16 मई ) बांग्लादेश के दक्षिण पश्चिमी तट पर चक्रवात ‘महासेन’ के कहर में कम से कम 14 लोगों की मौत.
इस्लामाबाद : नवाज शरीफ की पीएमएल..एन ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की 272 सीधे निर्वाचन वाली सीटों में से 124 सीटें जीतीं.
सोल ( 18 मई ) दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रलय ने कहा कि उत्तर कोरिया ने कथित सैन्य अभ्यास के तहत जापान सागर में संक्षिप्त दूरी के तीन प्रक्षेपास्त्र दागे.
बगदाद ( 20 मई ) इराक में अलग अलग हमलों में कम से कम 95 लोगों की मौत. एक सप्ताह में मरने वालों की संख्या 240 से अधिक हुई.
ह्यूस्टन ( 20 मई ) ओकलाहोमा में तूफान से 9 बच्चों सहित 24 मरे.
लंदन : महात्मा गांधी की पूजा की माला सहित कुछ निजी वस्तुएं और दस्तावेज, खून का नमूना, चमड़े की चप्पल और आखिरी वसीयत आदि की नीलामी से 300,000 पाउंड की राशि मिली.
वाशिंगटन ( 22 मई ) अमेरिका की दूसरी सर्वोच्च अदालत में पहले दक्षिण एशियाई जज बन कर भारतीय अमेरिकी श्रीकांत श्रीनिवासन ने इतिहास रचा.
वॉशिंगटन ( 23 मई ) अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने विवादित ड्रोन हमलों को ‘‘वैध एवं कारगर’’ बताते हुए उनका पक्ष लिया और कहा कि युद्ध में आत्मरक्षा के लिए यह जरुरी हैं.
जेद्दा ( 25 मई ) ‘निताकत श्रम कानून’ को लेकर भारत की चिंता दूर करने के प्रयास में सउदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस सौद अल फैजल ने कहा कि प्रक्रियाओं में भारतीय कामगारों के हितों का ध्यान रखा जा रहा है.
इस्लामाबाद ( 26 मई ) प्रतिबंधित तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान ने पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की हत्या की फिर से धमकी दी.
इस्लामाबाद ( 27 मई ) पीएमएलएन ने नवाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया.
लंदन ( 28 मई ) नेवल वार रुम लीक मामले के मुख्य आरोपी रवि शंकरन को ब्रिटेन ने भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश दिया.
वॉशिंगटन ( 29 मई ) व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका वर्ष 2014 तक अफगान युद्ध में सीआईए संचालित जासूसी विमानों का उपयोग जारी रखेगा.
तोक्यो : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके जापानी समकक्ष शिन्जो एबे ने असैन्य परमाणु सौदे पर बातचीत तेज करने का फैसला किया ताकि जापान भारत को परमाणु रिएक्टर निर्यात कर सके.
इस्लामाबाद ( 30 मई ) पाकिस्तानी तालिबान ने अपने उप प्रमुख वलीउर रहमान की अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे जाने की पुष्टि की और पीएमएल..एन की आगामी सरकार से बातचीत की अपनी पेशकश वापस लेने का ऐलान किया.
