ढाका : बांग्लादेश में आम चुनावों से पहले छाई अनिश्चितताओं के बीच विदेश सचिव सुजाता सिंह शीर्ष नेताओं से मिलने के लिए आज यहां पहुंचीं.अगस्त में विदेश सचिव बनने के बाद सुजाता की बांग्लादेश की यह पहली यात्रा है. शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर अपने बांग्लादेशी समकक्ष शाहीदुल हक और भारतीय उच्चायुक्त पंकज शरण ने सुजाता का स्वागत किया.
सुजाता ने प्रधानमंत्री शेख हसीना से भी मुलाकात की लेकिन बैठक के बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं हैं. इससे पहले, उन्होंने विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद अली से मुलाकात की. अली से मिलने के बाद सुजाता ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी बहुत अच्छी बातचीत हुई.
सुजाता विपक्ष की नेता और बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया तथा जातीय पार्टी प्रमुख एचएम इरशाद से भी मिलेंगी. सुजाता के आगमन के दो दिन बाद संयुक्त राष्ट्र के सहायक सचिव आस्कर फर्नांडीज तरांको बांग्लादेश का दौरा करेंगे.गौरतलब है कि अवामी लीग और बीएनपी के बीच चुनावों को लेकर गतिरोध बना हुआ है. नई दिल्ली में सूत्रों के अनुसार, सुजाता एलबीए पर संविधान संशोधन विधेयक 2013 को लेकर भारतीय सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराएंगी.
