इस्लामाबाद : दक्षिणी पश्चिमी पाकिस्तान के क्वेटा शहर में प्रांतीय पुलिस प्रमुख को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या आज कई लोगों के अस्पताल में दम तोड़ने के बाद सात तक पहुंच गयी है.
हमलावर ने विस्फोटों से भरे अपने ट्रक को बीती रात क्वेटा के उच्च सुरक्षा वाले इलाके में बलूचिस्तान के पुलिस प्रमुख मुश्ताक सुखेरा आधिकारिक आवास के समीप विस्फोट से उड़ा दिया. कार्यालय से घर लौट रहे सुखेरा इस हमले में बच गए. हालांकि हमले में पांच पुलिसकर्मी मारे गए और 27 पुलिसकर्मियों समेत करीब 70 लोग शक्तिशाली हमले में घायल हो गए. हमला इतना जबरदस्त था कि इससे 12 फुट गहरा और सात फुट चौड़ा गड्ढा बन गया.
घटनास्थल के डेढ़ किलोमीटर के दायरे में गवर्नर हाउस, मुख्यमंत्री आवास, क्वेटा प्रेस क्लब तथा जिन्ना रोड पर दर्जनों दुकानें तथा इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयीं. प्रांतीय पुलिस प्रमुख का घर इस हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा कई कारें नष्ट हो गयीं.
कई मीडिया संस्थानों के कार्यालयों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए. एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेकर लौट रहे एक राजनीतिक दल के सदस्य भी विस्फोट की चपेट में आ गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में करीब दो हजार किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किया गया. हालांकि हमले के लिए अभी किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने कार्यालय से घर लौट रहे पुलिस प्रमुख के काफिले का पीछा किया था. कुछ रिपोर्टो में बताया गया है कि गोलीबारी के बाद विस्फोट हुआ. अभी पता नहीं चल पाया है कि गोलीबारी किसने की.
टीवी न्यूज चैनलों की रिपोर्टो में बताया गया है कि आत्मघाती हमले से पूर्व क्वेटा के कई हिस्सों में कई राकेट दागे गए. पाकिस्तान में आम चुनाव के एक दिन बाद यह हमला हुआ है. चुनाव के पूर्व और मतदान के दौरान हुए बम हमलों में करीब 50 लोगों की जानें गयी हैं.
