श्रीलंकाई नौसेना ने 24 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, 4 नौका भी जब्‍त की

रामेश्वरम : श्रीलंकाई नौसेना ने पाक जलडमरुमध्य में कच्चातीवू के निकट कथित रूप से श्रीलंकाई सीमा में मछलियां पकडने के आरोप में 24 मछुआरों को आज यहां गिरफ्तार कर लिया और कई अन्य मछुआरों को बंदूक दिखाकर वहां से भगा दिया. मछुआरों के संगठन के नेताओं एस एमिराइट और सगायाराज ने कहा कि यहां से […]

रामेश्वरम : श्रीलंकाई नौसेना ने पाक जलडमरुमध्य में कच्चातीवू के निकट कथित रूप से श्रीलंकाई सीमा में मछलियां पकडने के आरोप में 24 मछुआरों को आज यहां गिरफ्तार कर लिया और कई अन्य मछुआरों को बंदूक दिखाकर वहां से भगा दिया. मछुआरों के संगठन के नेताओं एस एमिराइट और सगायाराज ने कहा कि यहां से कल रात 3000 से अधिक मछुआरे 600 नावों में सवार होकर समुद्र में गये थे. श्रीलंकाई नौसेना के जवान 10 गश्ती नौकाओं एवं समुद्री बाइकों में सवार होकर आये. उन्‍होंने मछुआरों को डराया-धमकाया. उन्होंने उनमें से 24 को गिरफ्तार कर लिया तथा अन्य को बंदूकों का भय दिखाकर वहां से भगा दिया.

उन्होंने बताया कि मछुआरे पाक जलडमरुमध्य में कच्चातीवू के निकट मछलियां पकड रहे थे. उन्होंने दावा किया कि मछुआरे परंपरागत जलक्षेत्र में मछलियां पकड रहे हैं. श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के उल्लंघन के आरोप में 10 अक्तूबर को भी नगापत्तनम जिले के 19 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपील की थी कि वह राज्य के मछुआरों को लगातार गिरफ्तार किये जाने के मामलों को उच्च राजनीतिक स्तर पर लेते हुए श्रीलंका के सामने रखें.

इसके अलावा श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने और श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछलियां पकडने के आरोप में कच्चातीवू के निकट रामेश्वरम के सात मछुआरों को दो अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था. एमिराइट ने कहा कि यदि श्रीलंकाई नौसेना परंपरागत जलक्षेत्र में मछलियां पकड रहे मछुआरों को इसी प्रकार डराती और गिरफ्तार करती रहेगी तो उनकी (मछुआरों की) आजीविका पर बहुत बुरा असर पडेगा. उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से आवश्यक कदम उठाने की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >