वाशिंगटन: अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान से आपसी संबंधों में तनाव कम करने के लिए कदम उठाने पर जोर देते हुए कहा कि दक्षिण एशिया में शांति एवं स्थिरता के लिए इन दोनों देशों के संबंध महत्वपूर्ण हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेफ रथके के अपने नियमित दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘दक्षिण एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाने के लिए भारत और पाकिस्तान के संबंध महत्वपूर्ण हैं इसलिए हम उन कदमों का स्वागत करते हैं जो भारत और पाकिस्तान तनाव कम करने और वार्ता पुन: प्रारंभ करने की दिशा में उठा सकते हैं.’’
उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘ हम भारत और पाकिस्तान को इस प्रकार के कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं और हमारा मानना है कि हिंसक अतिवाद और आतंकवाद से पैदा हुए खतरे से निपटने में भारत और पाकिस्तान दोनों के साझा हित हैं.’’ अमेरिका ने आतंकवादियों के खिलाफ पडोसी म्यांमा की सीमा में भारतीय सेना के अभियान पर कोई टिप्पणी नहीं की.
रथके ने कहा, ‘‘उस विशेष अभियान पर टिप्पणी करने के लिए मेरे पास कुछ भी नहीं है. मुङो लगता है कि जो बात आपने उठाई और जिसका मैंने उत्तर दिया, वह यह है कि हम भारत और पाकिस्तान को प्रोत्साहित करते हैं कि वे वार्ता पुन: शुरु करने और तनाव कम करने के लिए कदम उठाएं.’’
