इस्लामाबाद : पाकिस्तान के जांच अधिकारी पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के मामले में पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ से बेनजीर के पास आए ‘धमकी भरे’ फोन और ईमेल को लेकर पूछताछ करेंगे.
रावलपिंडी स्थित आतंकवाद विरोधी अदालत के न्यायाधीश चौधरी हबीब-उर-रहमान ने आज अभियोजकों की ओर से किए गए आग्रह को स्वीकार लिया. संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के विशेष अभियोजक चौधरी जुल्फिकार अली ने पीटीआई से कहा कि जांच अधिकारियों का एक संयुक्त दल मुशर्रफ से दो मुद्दों पर पूछताछ करेगा.
पहला मुद्दा बेनजीर को धमकी भरा फोन किए जाने और पाकिस्तान नहीं लौटने की चेतावनी देने का है, जबकि दूसरा मुद्दा साल 2007 में बेनजीर के स्वनिर्वासन से मुल्क लौटने पर उचित सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की नाकामी का है. अली ने कहा कि बेनजीर को समुचित सुरक्षा मुहैया कराने में मुशर्रफ की नाकामी ने पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश में आतंकवादियों की परोक्ष रुप से मदद की.
