काबुल: अफगानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार में आज एक बैंक के बाहर हुए आत्मघाती हमले में छह लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए. बैंक के बाहर लोग वेतन लेने के लिए जमा थे.कंधार के गर्वनर के प्रवक्ता जावेद फैजल ने एएफपी को बताया, ‘‘कंधार शहर में न्यू काबुल बैंक की शाखा के समीप हमला हुआ.’’उन्होंने बताया कि वेतन लेने के लिए एकत्र हुए पुलिसकर्मी और अन्य लोग हमले के शिकार हुए हैं.
कंधार मीडिया कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, ‘‘दुर्भाग्य की बात है कि प्राथमिक रिपोर्ट में ही छह लोगों के मरने और 20 के घायल होने की सूचना है, हताहत होने वालों में ज्यादातर सामान्य लोग हैं, वे अपने रोजमर्रा के काम के लिए बैंक आए थे.’’ कंधार पुलिस के प्रवक्ता अहमद जिया दुर्रानी का कहना है कि घटना में पांच लोग मारे गए हैं और 22 घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि घायलों में सात पुलिसकर्मी भी हैं.किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन शक की सुई तालिबान आतंकवादियों की ओर जा रही है. अफगानिस्तान के दक्षिण हिस्से में तालिबान मजबूत हैं.
