इस्लामाबाद : पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिम में आज हुयी हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं में दो पुलिसकर्मियों सहित सात लोगों की मौत हो गयी जिससे अगले महीने होने वाले आम चुनाव से पहले सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह खैबर-पख्तूनख्वा के कराक जिले में हुई भयंकर गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी और चार आतकंवादी मारे गये. इस झड़प में तीन और पुलिसकर्मी घायल हो गये. बांदा दाउदशाह इलाके में आतंकवादियों की उपस्थिति के बारे में खुफिया सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक तलाशी अभियान शुरु किया. घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने पर आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरु कर दी.
गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी और एक कांस्टेबल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घायल पुलिसकर्मियों को नजदीक के एक अस्पताल ले जाया गया. कई घंटों तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी रही और दोनों तरफ से स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया गया. मुठभेड़ के बाद पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र को खाली करा लिया.
एक अन्य घटना में, अशांत खुर्रम जनजातीय इलाके के मुख्य शहर परचिनार में एक खेल परिसर के नजदीक एक बारुदी सुरंग विस्फोट होने के कारण एक आदिवासी व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन और लोग घायल हो गये. क्षेत्र के राजनीतिक प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट एक ट्रैक्टर टॉली के बारुदी सुरंग से टकरा जाने के कारण हुयी. घायलों को परचिनार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
