बीजिंग : रिश्वतखोरी, गबन और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के कारण बदनाम हुए चीन के नेता बो जिलाई के खिलाफ मामले की सुनवाई पांच दिन तक चलने के बाद आज पूरी हो गई और इस दौरान अभियोजन पक्ष ने अत्यंत गंभीर अपराध करने के लिए उन्हें कठोर सजा दिए जाने की मांग की.
सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने कहा कि शानदोंग प्रांत की जिनान इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट में 64 वर्षीय बो के खिलाफ सुनवाई आज पूरी हो गई. संवाद समिति ने बताया कि अदालत फैसला सुनाने के लिए तिथि निर्धारित करेगी और उसी दिन मामले पर फैसला सुनाया जाएगा. इस प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं कि बो को उनकी पत्नी की तरह निलंबित मृत्युदंड की सजा दी जा सकती है.
पांचवें दिन मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने बो को कठोर सजा दिए जाने की मांग की. अभियोजन पक्ष के एक वकील ने कहा, ‘‘ प्रतिवादी के अपराध बेहद गंभीर हैं और उसने अपना अपराध मानने से इनकार कर दिया है. कानून के अनुसार अपराधी को कड़ी सजा दी जानी चाहिए.’’
