कराची : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने युवा बल्लेबाज उमर अकमल से नया एमआरआई स्कैन कराने के लिये कहा जिसने कैरेबियाई प्रीमियर लीग से लौटने के बाद फिट होने का दावा किया है.उमर को सीपीएल के दौरान त्रिनिदाद से एंटीगा जाते समय मिर्गी के दौरे पड़े थे. उन्हें पीसीबी ने स्वदेश बुला लिया था.
उमर ने अपनी फिटनेस को लेकर मीडिया पर अफवाहें उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा ,‘‘ मैं फिट हूं और मुझेकोई परेशानी नहीं है. मैने वेस्टइंडीज में कुछ टेस्ट कराये और कोई परेशानी नहीं निकली. इस तरह की अफवाहों से मेरे परिवार को प्रशंसकों को तकलीफ हुई है.’’
पीसीबी ने उमर को एक भारतीय डाक्टर के साथ वापिस बुला लिया था. भारतीय डाक्टर उसके साथ न्यूयार्क और अबु धाबी गया. उमर ने कहा कि वह इस मामले में पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी से मिलकर सफाई देंगे. बोर्ड ने हालांकि उसे शौकत खानम अस्पताल में एक और एमआरआई कराने के लिये कहा.
