काहिरा : मिस्र में हिंसक घटनाओं के बीच लुटेरों ने एक संग्रहालय को लूट लिया है.लुटेरों ने मिस्र के संग्रहालय से करीब 3,500 वर्ष पुरानी लाइमस्टोन से बनी प्रतिमा, आभूषण तथा 1000 से अधिक कलाकृतियां लूट लीं.
दक्षिणी नील नदी के किनारे बसे शहर मिनया में स्थित मालावी संग्रहालय में हुई यह लूटपाट वहां सुरक्षा खामियों को दर्शाती है. इस तरह की घटनाएं कहिरा शहर के बाहर अक्सर होती रहती हैं जहां पुलिस तो होती है लेकिन वह आम तौर पर नदारद रहती है.बुधवार को एक इमारत को लूटे जाने की घटना के बाद संग्रहालय में लूटपाट हुई है. जब किशोरों का समूह ममियों को जला रहा था और लाइमस्टोन से बनी कलाकृतियों को तोड़ रहा था तब वहां कोई पुलिस या सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था.
लुटेरों के लिए कलाकृतियों को ले जाना भी आसान नहीं था. सुरक्षा स्थिति अभी भी संकटपूर्ण बनी हुई है क्योंकि कल ही संग्रहालय के आसपास की इमारतों से बंदूकधारियों ने पुलिस स्टेशन पर गोलियां चलाई थीं.
