लंदन: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात की जिन्होंने भारत में चल रहे सुधार एजेंडा में काफी रुचि दिखाई.जेटली ने कहा, आज सुबह मैंने प्रधानमंत्री डेविड कैमरन से मुलाकात की और जहां तक सुधार प्रक्रिया की बात है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में क्या हो रहा है, उसके बारे में ब्रिटेन के सभी नेताओं ने काफी रुचि दिखाई है.
यहां पार्लियामेंट स्क्वायर पर महात्मा गांधी की मूर्ति के अनावरण समारोह में कैमरॉन के साथ शामिल होने के तुरंत बाद उन्होंने कहा, मेरे यहां के दौरे की पूर्व संध्या पर राज्यसभा में बीमा विधेयक पारित होने का इससे और बेहतर समय नहीं हो सकता था.
उन्होंने कहा, मेरे यहां आने का मुख्य ध्येय प्रतिमा का अनावरण था और मुझे भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करना था. आज का दिन ऐतिहासिक और अतीत को याद करने वाला दोनों ही है. इस मौके पर होना एक सौभाग्य है. इतिहास पुरुष गांधीजी की यह वास्तविक परीक्षा है कि उनके एक समय का विरोधी अब उनकी महानता को मान रहा है.
