वाशिंगटन:व्हिसलब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन को मास्को द्वारा अस्थायी शरण दिए जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने रुसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की योजना आज रद्द कर दी. व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने इस मुद्दे पर हफ्तों तक चली अटकलों के बाद एक बयान में आज कहा कि जुलाई में शुरु हुई एक समीक्षा के बाद हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि सितंबर के शुरुआत में अमेरिका-रुस के बीच एक बैठक आयोजित करने के हमारे द्विपक्षीय एजेंडे में कोई ताजा प्रगति नहीं हुई है.’’
व्हाइट हाउस ने कहा कि हालांकि अगले महीने सेंट पीटर्सबर्ग में होने जा रहे जी 20 सम्मेलन में ओबामा के शरीक होने की अभी भी योजना है. कार्नी ने कहा कि स्नोडेन को अस्थायी शरण देने का रुस का फैसला भी हमारे द्विपक्षीय संबंध की समीक्षा करने की एक वजह रही. गौरतलब है कि स्नोडेन राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी निगरानी कार्यक्रमों के अति गोपनीय ब्योरे लीक करने के आरोपी हैं.
ओबामा ने समाचार चैनल एनबीसी से कहा कि मैं निराश हुआ क्योंकि आप जानते हैं कि रुस के साथ हमारी प्रत्यर्पण संधि तो नहीं नहीं है लेकिन यदि कोई कानून तोड़ता है तो हम इसकी समीक्षा करते हैं और हम उनके (रुस के)साथ मिल कर काम करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ मैं वहां (रुस) जा रहा हूं क्योंकि जी 20 सम्मेलन मुख्य मंच है है जहां हम अर्थव्यवस्था, दुनिया की अर्थव्यवस्था के बारे में विश्व के शीर्ष आर्थिक शक्तियों के साथ चर्चा करेंगे. वे इस साल इसकी मेजबानी कर रहे हैं.’’ कार्नी ने कहा कि ओबामा के प्रथम कार्यकाल के दौरान रुस के साथ न्यू स्टार्ट संधि और अफगानिस्तान, ईरान एवं उत्तर कोरिया पर सहयोग सहित हासिल की गई अन्य उपलब्धियों को अमेरिका अहमियत देता है.
