काठमांडो: वैलेनटाइन्स डे से पहले नेपाल गूलाब के फूल की बढती मांग पूरी करने के लिए भारत से एक लाख से अधिक लाल गुलाब के फूलों का आयात करेगा. इस साल प्रेमी जोडे एक करोड रुपये से अधिक मूल्य के गुलाब के फूलों का आदान प्रदान कर सकते हैं.
फ्लोरिस्ट्स एसोसिएशन आफ नेपाल :फैन: के अध्यक्ष लोकनाथ गायरे ने कहा, ‘‘ हमें भारत से करीब एक लाख गुलाब आने का अनुमान है क्योंकि वैलेनटाइन्स डे से पहले दुकानों में भारी भीड लगने की संभावना है.’’ फूल विक्रेताओं ने कहा कि उन्होंने भारत से फूलों के आयात के बडे आर्डर दे रखे हैं. उन्होंने कहा कि फूलों की कुल जरुरत का 90 प्रतिशत कोलकाता, पुणे और बेंगलूरु से आपूर्तिकर्ताओं द्वारा पूरी की जाती है, जबकि बाकी फूल काठमांडो, ललितपुर, चितवन और नेपाल के अन्य हिस्सों से आते हैं.
फूल विक्रेताओं के मुताबिक, भारत में कीमत अधिक होने की वजह से एक फूल की कीमत 20 से 30 रुपये ज्यादा हो सकती है. इस साल लागत 100 रुपये तक हो सकती है जोकि पिछले साल 50-80 रुपये थी.
