वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई ने क्षेत्र में ‘हिंसा को खत्म करने’ और ‘स्थिरता सुनिश्चित’ करने के लिये अफगानिस्तान के नेतृत्व में तालिबान के साथ पुन:मेलमिलाप प्रक्रिया में फिर से विश्वास जताया है.
हाल ही में तालिबान द्वारा अफगान सरकार और सीधे अमेरिका से शांतिवार्ता के लिये कतर के दोहा शहर में एक राजनीतिक कार्यालय खोले जाने के बाद कल आयोजित हुये वीडियो कांफ्रेंस में दोनों नेताओं के बीच पहले दौर की बातचीत हुई. ओबामा और करजई ने अफगानिस्तान में वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और सुरक्षा बदलाव पर संतुष्टि जताई.
व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘नेताओं ने एक बार फिर से इस बात की पुष्टि की है कि अफगानिस्तान के नेतृत्व और अफगान स्वामित्व वाले शांति तथा पुन:मिलाप प्रक्रिया क्षेत्र और अफगानिस्तान में हिंसा खत्म करने और चिरस्थायी शांति का सबसे विश्वसनीय तरीका है. उन्होंने दोहा में हाई पीस कांउसिल और तालिबान के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ वार्ता हेतु एक कार्यालय के लिये अपने समर्थन को दोहराया.’’करजई ने वर्ष 2014 में होने वाले चुनाव की तैयारियों के संबंध में ताजा जानकारी दी.
