वाशिंगटन : अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी :एनएसए: द्वारा संचालित विवादास्पद खुफिया साइबर निगरानी कार्यक्रम के तहत भारत समेत करीब 20 देशों में 50 से अधिक आतंकवादी साजिशें विफल की गयी.
एनएसए के प्रमुख जनरल कीथ अलेक्जैन्डर ने प्रतिनिधि सभा की खुफिया समिति के समक्ष गवाही में कहा ‘’ जो साजिश विफल की गयी उसमें न्यूयार्क स्टाक एक्सचैंज को उड़ाने की साजिश शामिल है. ’’
उन्होंने इसे एक गोपनीय सूचना करार देते हुए विफल की गयी आतंकवादी साजिशों का अधिक खुलासा नहीं किया और न ही उन देशों का नाम बताया जहां उन्हें विफल किया गया. सांसदों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा ‘‘50 से अधिक मामले हैं। मैं आपको निश्चित संख्या इसलिये नहीं बता सकता. ’’ जानकार सूत्रों ने लेकिन प्रेस ट्रस्ट को बताया कि भारत भी 20 देशों में शामिल हैं और भारत से जुडी कम से कम एक ऐसी साजिश हैं जो 2010 में दिल्ली में हुए सफल राष्ट्रमंडल खेलों के समय के आसपास की है.
अलेक्जैन्डर ने अधिक जानकारी नहीं देने का कारण बताते हुए कहा कि ऐसा करना हमारे और हमारे मित्रों के लिये जोखिम होगा. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हमारी और हमारे मित्रों की रक्षा के लिये खुफिया समुदाय की क्षमता के लिहाज से महत्वपूर्ण है. वे सुराग तक पहुंचने में खुफिया समुदाय के प्रयासों में मदद करते हैं.
उन्होंने बताया ये कार्यक्रम सीमित और केन्द्रित है. अनुपालन के संबंध में विश्लेषकों और सुपरवाइजरों को कठिन प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें. ’’ उन्होंने कहा इन कर्यक्रमों का अनुशासित अभियान अमेरिकी लोगों की निजता और नागरिक अधिकारों की रक्षा करता है. ’’
