इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना ने आज बताया कि देश के अशांत खैबर कबाइली क्षेत्र में उग्रवादियों पर नियंत्रण करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक सैनिक की मौत हो गई जबकि 35 उग्रवादी मारे गए.
इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशंस ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि पिछले दो दिनों में इस अभियान में पांच सैनिक और 15 उग्रवादी घायल हुए हैं. सुरक्षा बलों ने पिछले तीन दिन में ‘महत्वपूर्ण प्रगति’ की है खैबर एजेंसी के मैदानी भाग के महत्वपूर्ण इलाकों से विद्रोहियों को हटा दिया है.
बयान में कहा गया है कि सैन्य टुकड़ी ने डेरास्तानी रिज इलाके पर ‘पूर्ण नियंत्रण’ कर लिया है. यह इलाका मैदानी और कुकी खेल घाटी पर नजर रखने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. सैनिकों द्वारा खुर्रम घाटी के मोहम्मदी टॉप और खैबर एजेंसी की तिहार घाटी को मुक्त कराए जाने के बाद सेना ने मैदानी इलाके में अभियान शुरु किया है.
पाकिस्तानी तालिबान के दर्जनों लड़ाकों ने कबाइली जिले में घुस पर उसपर कब्जा कर लिया था. उसी को मुक्त कराने के लिए सेना ने कुछ सप्ताह पहले ही खैबर एजेंसी में अभियान आरंभ किया है. मृतकों की संख्या के ताजा आंकड़ों की व्यक्तिगत तौर पर पुष्टि नहीं की जा सकी क्योंकि पत्रकारों को कबाइली इलाके में जाने की अनुमति नहीं है.
