वाशिंगटन : पेंटागन ने जापान में तैनात अमेरिकी सेना के कमांडिंग अफसर मेजर जेनरल माइकल टी हैरिसन को यौन उत्पीड़न के आरोप की सही ढंग से जांच करने में असफल रहने के चलते निलंबित कर दिया है.
आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रेमंड ओडीर्नो ने मेजर जनरल हैरिशन को जापान में अमेरिकी सेना के कमांडिंग अफसर के कार्यभार से निलंबित कर दिया.
रक्षा विभाग ने बताया कि यूरोप में तैनात अमेरिकी सेना के पूर्व उप कमांडिंग अफसर मेजर जनरल जेम्स सी बूजर इस मामले की जांच पूरी होने और इस मसले के सुलझने तक यहां के अंतरिम कमांडर के तौर पर कार्यभार संभालेंगे.
सैन्य प्रवक्ता जॉर्ज राइट ने कहा, ‘‘हैरिसन खुद इस यौन उत्पीड़न के मामले के आरोपी नहीं है.’’ अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरिसन सेना में बढ़ते यौन उत्पीड़न के मामले में फंसे सेना के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों में से एक हैं. वह अफगानिस्तान में सेवा दे चुके एक सम्मानित सैनिक हैं.
