कैलिफोर्निया : लॉस एंजिल्स के पश्चिम में सैंटा मोनिका में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर छह लोगों की हत्या कर दी और इस गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए. बाद में इस बंदूकधारी को एक कॉलेज की लाइब्रेरी में पुलिस ने मार गिराया. जिस जगह यह घटना हुई, वहां से करीब तीन मील की दूरी पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा कोष संग्रह के एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे.
सैंटा मोनिका पुलिस की प्रमुख जैकलिन सीब्रुक्स ने बताया कि बंदूकधारी 25-30 साल की उम्र का था. उसने काले कपड़े पहन रखे थे जो बुलेट प्रुफ जैकेट की तरह प्रतीत होते थे. बताया जाता है कि इस सिलसिले में एक अन्य व्यक्ति पुलिस की हिरासत में है.
सीब्रुक्स ने जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम 100 प्रतिशत नहीं कह सकते कि बंदूकधारी अकेला था या उसने अकेले ही घटना को अंजाम दिया.’ स्थानीय मीडिया के अनुसार यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या सभी पीड़ित व्यक्तियों की मौत हो गई है. कुल मिला कर छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया. सब की सब महिलाएं थीं. इनमें से दो की हालत गंभीर थी, जिनमें से एक की मौत हो गई. सीब्रुक्स ने कहा कि पूरे शहर में कम से कम छह घटनाएं हुईं जिसका अंत सैंटा मोनिका कॉलेज में हुआ.
कॉलेज परिसर में एक प्रत्यक्षदर्शी जैसन गैरेट ने सीएनएन से कहा कि संदिग्ध बंदूकधारी ने काले कपड़े पहन रखे थे जो कवच के रूप में काम करने वाली जैकेट की तरह प्रतीत होते थे. उसके पास एक राइफल थी.
एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने शोर सुना, उसे लगा कि गोली चली है, तब वह वहां से भागी. गलियारे में उसने गहरे रंग के बालों वाला एक व्यक्ति देखा. पहले गलती से उसने उसे पुलिस अधिकारी समझा, लेकिन बाद में महसूस हुआ कि यह हमलावर था.
महिला ने सीएनएन को बताया कि उस व्यक्ति ने सैनिकों के काले जूते और जैकेट पहन रखी थी जो बुलेटप्रूफ प्रतीत होती थी. वह शांत था और आराम से घूम रहा था. ‘उसके पास बड़ी शॉटगन थी.’ सैंटा मोनिका अग्निशमन विभाग के जेफ फुरोस ने बताया कि कॉलेज के नजदीक एक मकान में आग से जबर्दस्त नुकसान हुआ, और पास ही कार में एक घायल महिला थी जिसे गोली लगी थी.
फॉक्स न्यूज के अनुसार मकान के पास रहने वाली जेरी कनिंघम राथनर ने कहा कि उसने गोलियों की आवाज सुनी. वह बाहर निकलीं तो देखा कि एक व्यक्ति घर पर गोलीबारी कर रहा था. जल्द ही इमारत में आ लग गई और उससे धुआं उठने लगा. राथनर ने कहा कि उस व्यक्ति ने कार में बैठी महिला पर तीन-चार गोलियां चलाईं. वह जब महिला की मदद के लिए पहुंची तो देखा कि उसके कंधे में गोली लगी थी.
राथनर ने कहा कि कथित बंदूकधारी ने पहली कार से महिला का अपहरण किया और भाग गया. फिर घटनास्थल बदलकर सैंटा मोनिका कॉलेज हो गया, जहां अंतत: बंदूकधारी मारा गया. इस बीच, पास के स्कूल और कॉलेज इन आशंकाओं के मद्देनजर बंद हो गए कि एक और बंदूकधारी हो सकता है.
