गाजा/यरुशलम:मानवीय जरूरत को लेकर संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता वाले 24 घंटे के संघर्ष विराम को शुरू में खारिज करने के बाद हमास रविवार को फिर से इसके लिए राजी हो गया.
इसके पहले संयुक्त राष्ट्र के अनुरोध को हमास द्वारा ठुकराने के बाद इस्राइल ने रविवार को गाजा पर फिर हमले शुरू की दिये थे. इसमें गान यावने शहर निवासी एवं भारतीय मूल का 27 वर्षीय सार्जेट (सैनिक) शनिवार रात मोर्टार हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया और रविवार को उसकी मौत हो गयी. पिछले 20 दिनों से चले आ रहे संघर्ष में 1,060 से अधिक फिलीस्तीनी और इस्राइल के 46 सैनिक और तीन नागरिक मारे जा चुके हैं.
करीब 6,000 घायल हुए हैं. हमास प्रवक्ता सामी अबू जुहरी ने कहा कि रमजान की समाप्ति के मौके की तैयारियों और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता तथा हमारे लोगों के जीवन की जरूरतों को लेकर हम सभी फिलीस्तीनी धड़ों के साथ रविवार को दोपहर दो बजे से 24 घंटे के संघर्ष विराम के लिए राजी हुए हैं.
इस्राइल ने शनिवार देर रात संघर्ष विराम को 24 घंटे के लिए बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन हमास ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि गाजा से इस्राइली सैनिकों और टैंकों की वापसी बगैर कोई संघर्ष विराम वैध नहीं होगा तथा विस्थापितों के घर लौटने पर यह इस्राइल पर सिर्फ रॉकेट हमलों को कुछ समय के लिए रोकेगा.
