जम्मू : विजय दिवस में खलल डालने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स ने एक बाद फिर से सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर फायरिंग शुरू कर दी है. एक ओर देश 1999 कारगिल विजय दिवस का जश्न मनाने में जुटी है. तो दूसरी ओर पाकिस्तानी सैनिक हमारे सैनिकों को परेशान कर रहे हैं.
युद्धविराम का एक बार फिर से उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाया जिस पर भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की.रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी ने आज यहां बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के पल्लानवाला में अग्रिम चौकियों पर बीती देर रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर छोटे हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की.
उन्होंने बताया कि सैनिकों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब दिया जिस पर दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई. उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. नगरोटा स्थित 16वीं कोर के लेफ्टिनेंट जनरल के एच सिंह ने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड जवाब दे रही है.
सात घंटे से भी कम समय में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा युद्धविराम उल्लंघन का यह दूसरा और जुलाई महीने में आठवां मामला है. कल पाक सैनिकों ने पुंछ जिले के मेंधर सेक्टर के बालाकोटे क्षेत्र में अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की.
20 जुलाई को पाकिस्तानी रेंजरों ने युद्धविराम उल्लंघन की एक बडी घटना में जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के गांवों में मोर्टार बमों से भारी गोलीबारी की थी जिसमें घरों को नुकसान पहुंचा और पालतू जानवर मारे गए.
