कोलंबो: श्रीलंका में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हो गए.आपदा राहत अधिकारी ने आज कहा कि बुरी तरह से प्रभावित क्षेत्र पश्चिमी कलुतरा जिला है जहां बाढ के कारण 10 लोग मारे गए. जिले के नेबोडा क्षेत्र में 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. कलतुरा क्षेत्र को जोडने वाली ज्यादातर सडकें पानी में डूब गई हैं.
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन केंद्र के उपनिदेशक प्रदीप कोडिपिली ने बताया कि, ‘‘कलुतरा जिले में 10 लोगों की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति लापता हो गया है. कोलंबो जिले में दो लोगों की मृत्यु की सूचना मिली है जबकि गम्पहा जिले से एक अन्य व्यक्ति लापता है.’’ रक्षा अधिकारियों ने कहा, ‘‘श्रीलंका नौसेना और श्रीलंका वायुसेना की सहायता के लिए बेल 212 हेलीकॉप्टर और एक एमआई17 हेलीकॉप्टर को कलुतरा में बचाव कार्य में लगाया गया है.’’
मौसम विभाग के अधिकारी ने बतया कि, ‘‘पूर्वी दिशा से द्वीप पर 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की आशंका है.’’ भारी बारिश होने की आशंका के कारण मछुआरों को प्रतिकूल मौसम की चेतावनी दे दी गई है.
