कोलकाता : पांचवें चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल की सात सीटों में शामिल उत्तर 24 परगना जिले की दो सीट बनगांव और बैरकपुर पर चुनाव आयोग की पैनी नजर है. इन दो सीटों के सारे ही बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है. सभी बूथों पर केंद्रीय बल के जवान तैनात रहेंगे.
जिला पुलिस प्रशासन के साथ ही केंद्रीय बल के जवान बड़ी संख्या में मुस्तैद रहेंगे, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो. राज्य चुनाव आयोग और विशेष पुलिस पर्यवेक्षक ने ऐसा ही फैसला किया है. खासकर बैरकपुर के सभी बूथों पर अधिक नजरदारी का निर्णय लिया गया है. बैरकपुर लोकसभा केंद्र में कुल 73 कंपनी और बनगांव लोकसभा केंद्र में दर्जनों कंपनी केंद्रीय बल के जवान तैनात रहेंगे.
इन दोनों सीटों पर कुल मतदाता 31 लाख 26 हजार 43 हैं, जिनमें बनगांव में 16,97,146 और बैरकपुर में 14,28,897 मतदाता हैं. सभी मतदाता सुरक्षित तरीके से अपना मतदान कर पाये, इसके लिए चुनाव आयोग ने हर कदम उठाया है. बैरकपुर से तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, भाजपा और समेत अन्य कई पार्टियों से छह और नौ निर्दलीय मिलाकर 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं.
वहीं बनगांव से विभिन्न राजनीतिक दलों के आठ और निर्दल से दो कुल दस प्रत्याशी खड़े हुए हैं. इस तरह से दोनों सीटों पर कुल 25 उम्मीदवारों उतरे हैं और इन सारे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 31 लाख 26 हजार 43 मतदाताओं के हाथों में हैं.
सूत्रों के मुताबिक, पांचवें चरण में सात सीटों की तुलना में बैरकपुर में सबसे अधिक केंद्रीय बल जवानों की तैनाती की गयी है. कुल 1567 बूथों के लिए 73 कंपनी केंद्रीय बल के साथ-साथ 300 बूथों पर वेबकास्टिंग के जरिए चुनाव आयोग सीधे नजरदारी रखेगी.
वहीं 225 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात रखेंगे. साथ ही बैरकपुर केंद्र के लिए 20 क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) रहेगी, जिसमें प्रत्येक में आठ केंद्रीय वाहिनी के जवान रहेंगे. मतदान समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है. इस बीच कहीं किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलते ही क्यूआरटी की टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी.
जगह-जगह शुरू हुई नाका चेकिंग
इधर बैरकपुर इलाके में मतदान के 72 घंटे पहले से ही नाका चेकिंग शुरू कर दी गयी है. आने-जाने वाले सभी वाहनों को रोक-रोक कर तलाशी ली जा रही है. कड़ी निगरानी शुरू कर दी गयी है.
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर जाने लगे चुनावकर्मी
रविवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर सारे इंतजाम करने और इवीएम से लेकर वीवीपैट सारे मशीन लेकर मतदान कर्मी मतदान केंद्र की ओर प्रस्थान करने लगे है. सुबह से ही बैरकपुर और बनगांव दोनों ही केंद्रों पर मतदान कर्मी इवीएम और वीवीपैट के सारे चेकिंग कर रहे थे. विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए मतदान कर्मी सारे उपकरण लेकर प्रस्थान करने लगे है.
बैरकपुर लोकसभा केंद्र पर एक नजर
कुल मतदाता-14,28,897
कुल पोलिंग बूथ-1567
संवेदनशील बूथ-1567
वेबकास्टिंग- कुल 300 बूथों पर
कुल माइक्रो ऑब्जर्वर-225
कुल केंद्रीय वाहिनी-73 कंपनी
क्यूआरटी-20 टीम
