कोलकाता : डब्ल्यू डब्ल्यू इ फेम द ग्रेट खली उर्फ दिलीप सिंह राणा ने शुक्रवार को जादवपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनुपम हाजरा के पक्ष चुनाव प्रचार किया. वह श्री हाजरा के नामांकन दाखिल करने के समय अलीपुर जिला मुख्यालय में उपस्थित थे.
उल्लेखनीय है कि श्री हाजरा पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद थे, लेकिन चुनाव के पहले वे तृणमूल से नाता तोड़ कर भाजपा में शामिल हो गये हैं. भाजपा ने उन्हें फिल्म अभिनेत्री तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मिमी चक्रवर्ती के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है.
मिमी चक्रवर्ती ने भी शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया. इस मौके पर खली ने कहा कि अनुपम हाजरा उनका छोटा भाई है, उसे ज्यादा-ज्यादा मत देकर विजयी बनाएं, ताकि वह स्थानीय समस्या को संसद तक पहुंचा सके तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से विजयी बनाएं, क्योंकि उन्होंने विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया है.
अनुपम हाजरा ने कहा कि खली से उनकी बात हुई थी तथा उन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था. उनके मात्र आमंत्रण से ही वह आये और उनका साथ दिया. उन्होंने कहा कि हालांकि ग्रेट खली की रेसलिंग प्रतियोगिता चल रही थी, लेकिन वे प्रतियोगिता छोड़ कर उनके पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए कोलकाता आये.
