बिना ब्याज ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर दो करोड़ से अधिक की कर ली निकासी, धनबाद, जामताड़ा के किसानों के नाम पर उठाया लोन

tractor scam in dhanbad and jamtara district of jharkhand : बिना सूद, बिना डाउन पेमेंट के ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर धनबाद व जामताड़ा जिले के दर्जनों किसानों के नाम पर विभिन्न बैंकों व फाइनेंस कंपनी से दो करोड़ रुपये से अधिक राशि के निकासी का मामला प्रकाश में आया है. गहन जांच होने पर गबन की राशि और भी बढ़ सकती है. गबन करने वाला शो-रूम संचालक यहां प्रतिष्ठान में ताला मार कर फरार हो गया है.

संजीव झा

धनबाद : बिना सूद, बिना डाउन पेमेंट के ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर धनबाद व जामताड़ा जिले के दर्जनों किसानों के नाम पर विभिन्न बैंकों व फाइनेंस कंपनी से दो करोड़ रुपये से अधिक राशि के निकासी का मामला प्रकाश में आया है. गहन जांच होने पर गबन की राशि और भी बढ़ सकती है. गबन करने वाला शो-रूम संचालक यहां प्रतिष्ठान में ताला मार कर फरार हो गया है.

चिंतामणि ऑटोमोबाइल नामक एक शो-रूम बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में खुला. शो-रूम का मुख्य शाखा जामताड़ा में बताया जाता है. शो रूम की संचालिका रजनी राय पति अरविंद राय बतायी जाती है. अरविंद राय खुद को रेल कर्मी बताते हैं तथा चितरंजन में पोस्टिंग की बात कहते थे.

शो-रूम खुलने के बाद धनबाद जिला के ग्रामीण क्षेत्र में एजेंटों के माध्यम से किसानों को बिना ब्याज व बिन डाउन पेमेंट के ट्रैक्टर दिलाने की योजना का फॉर्म भरवाया गया. कहा गया कि डाउन पेमेंट भी कंपनी की तरफ से ही दिया जायेगा.

किसानों से फॉर्म भरवा कर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, इलाहबाद बैंक, श्रीराम फाइनेंस ट्रांसपोर्ट कंपनी धनबाद से लोन दिलवाया गया. पीड़ित किसानों के अनुसार लोन के लिए डाउन पेमेंट भी चिंतामणि ऑटोमोबाइल की तरफ से ही जमा कराया गया.

सभी किसानों को एक-एक कर बैंक ले जा कर कागजी प्रक्रिया पूरी करायी गयी. एक ट्रैक्टर के साथ फोटो भी खींचवाया गया. सभी किसानों से ट्रैक्टर प्राप्ति के कागजात पर भी हस्ताक्षर करा लिया गया. इसके बाद कहा गया कि बैंक से चेक मिलते ही ट्रैक्टर हैंडओवर हो जायेगा. यह कह कर किसानों को दौड़ाया गया.

नोटिस से हुआ खुलासा

इस मामले का खुलासा कुछ किसानों को श्रीराम फाइनेंस कंपनी तथा यूनियन बैंक द्वारा किश्त जमा नहीं करने को लेकर जारी नोटिस के बाद लोगों के होश उड़ गये. बरवाअड्डा व जामताड़ा स्थित शो-रूम में गये तो वहां ताला लगा मिला. राजगंज थाना क्षेत्र के घनश्याम महतो ने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर मामले की जानकारी देते हुए चिंतामणि शो-रूम के संचालक व एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

क्या कहते हैं ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि धनबाद जिला के बरवाअड्डा में चिंतामणि ऑटोमोबाइल कंपनी का शोरूम खोला गया और उसका एजेंट के रूप में इंतफाक आलम उर्फ गुड्डू जो बराकर (बंगाल) का रहने वाला है ने उन लोगों से संपर्क कर बिना ब्याज ट्रैक्टर के लिए ॠण दिलाने का प्रलोभन दिया.

इसके झांसे में आकर उनके द्वारा बताये गये सभी कागजातों पर हस्ताक्षर कर दिये. किसानों ने बैंक में जाकर खाता भी खोला. किसानों के नाम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ढोकरा, गोविंदपुर, धनबाद शाखा, इलाहाबाद बैंक के पुटकी शाखा, श्रीराम फाइनेंस ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड धनबाद, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कई शाखा से ॠण लिया गया है.

किन-किन के साथ हुई जालसाजी

एसएसपी को दिये आवेदन के अनुसार जालसाजी के शिकार धनबाद के किसानों में लालू रजवार , मंगल कौल, अनुज कुमार दास, अर्जुन दास, गणेश कुमार रावत, तारापद नापित, राजेश कुमार सिंह, बिरजू दास, मियांजान मियां, कालीचरण कौल, देवीलाल हेंब्रम, मोहम्मद शाहनवाज, लुकमान काजी, निरंजन तुरी, गुलाम अंसारी, मोबिन अंसारी, अरुण राजवंशी, अलीम अंसारी, तपेश्वर साव, युगल किशोर रेवट, मुश्ताक अंसारी, लखन किस्कू, कल्पना मुर्मू, सनातन बास्की (सभी बरवाअड्डा थाना), कयूम अंसारी (कतरास थाना), सोहराब अंसारी (तोपचांची थाना), घनश्याम महतो (राजगंज थाना) के नाम पर ट्रैक्टर के लिए बैकों व फाइनेंस कंपनी से लोन की राशि ली गयी है. प्रति किसान 7.35 लाख रुपये का चेक लिया गया है.

दो वर्ष से चल रहा था गोरखधंधा

ब्याज रहित लोन दिलाने के नाम पर ठगी का यह धंधा दो वर्ष से चल रहा था. विश्वास जमाने के लिए कई किसानों के एक-दो किश्त की राशि भी चिंतामणि ऑटोमोबाइल द्वारा भुगतान किया गया. एजेंटों को भी कमीशन के रूप में खासी राशि का भुगतान किये जाने की बात कही जा रही है.

खड़े हो रहे कई सवाल

चिंतामणि ऑटोमोबाइल की तरफ से क्या यहां जीएसटी का भुगतान किया जा रहा था. किस कंपनी का ट्रैक्टर देने की बात थी. क्या उतने ट्रैक्टर की खरीद उस कंपनी से हुई थी. बैंक में लोन के साथ ट्रैक्टर के जो कागजात मोरगेज हुए उसका चेसिस नंबर क्या एक है या अलग-अलग. बैंकों से लोन के मद में चेक किसके नाम से दिया गया. उस खाता का संचालक कौन है. अगर ट्रैक्टरों की खरीद हुई तो किन-किन के नाम पर उसका निबंधन जिला परिवहन कार्यालय से कराया गया. इन सारे सवालों का जवाब पुलिस के अनुसंधान में ही मिल सकता है.

दो मोबाइल नंबर पर हुआ निबंधन

सूत्रों के अनुसार चिंतामणि ऑटोमोबाइल की तरफ से कुछ ट्रैक्टर का निबंधन जिला परिवहन कार्यालय जामताड़ा से कराये जाने का मामला भी सामने आया है. जिला परिवहन पदाधिकारी जामताड़ा की तरफ से 27 फरवरी 2020 को बड़े बकायेदारों की जारी सूची में ऐसे ट्रैक्टर के निबंधकों का नाम है. हैरत की बात यह है कि अधिकांश वाहनों के निबंधन में मोबाइल नंबर 9102260522 तथा 9631359192 का इस्तेमाल किया गया है.

यूनियन बैंक ने जारी किया नोटिस

जालसाजी के शिकार होने वालों में से एक मोबिन अंसारी को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ढोकरा शाखा की तरफ से एक फरवरी 2020 को नोटिस जारी किया गया. इसमें लोन की एवज में किश्त का भुगतान नहीं करने की बात कही गयी है. उनके उपर 3.33 लाख रुपये का लोन बताया जा रहा है.

पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो : राही

भाजपा नेता रमेश राही ने ब्याज रहित ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर हुई वित्तीय गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. कहा कि मुख्यमंत्री पूरे मामले में जांच करा कर गरीब किसानों को राहत दिलायें. जिन किसानों, ग्रामीणों के साथ ठगी हुई है, वे बेदह गरीब हैं. जेल जा कर भी लोन की राशि नहीं लौटा सकते. इस मामले में बैंक प्रबंधकों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. 17 मार्च को ठगी के शिकार किसानों के साथ चिल्ड्रेन पार्क जगजीवन नगर में बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे. सड़क पर उतरेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >