सरायकेला: 1 शिक्षक, आठ क्लास और 15 मिनट की कक्षा! उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मजाक बनी पढ़ाई

Seraikela Kharsawan News: सरायकेला के कुचाई प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिजार में 118 छात्र मात्र एक पारा शिक्षक के भरोसे हैं. 8 स्वीकृत पद खाली होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है, वरना स्कूल बंद करने की चेतावनी दी है.

Seraikela Kharsawan News, सरायकेला (शचिंद्र कुमार दाश): सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिजार में शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से जूझ रही है. वर्ष 1957 में स्थापित इस स्कूल में कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई होती है, लेकिन 118 नामांकित विद्यार्थियों की पढ़ाई केवल एक सहायक प्राध्यापक (पारा शिक्षक) महेश चंद्र लागुरी के भरोसे चल रही है.

स्वीकृत 8 पद, सभी खाली

विद्यालय में शिक्षकों के कुल आठ पद स्वीकृत हैं, लेकिन सभी पद लंबे समय से रिक्त पड़े हुए हैं. कई बार शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई गयी, बावजूद इसके विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है और शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है.

दो-तीन कमरों में एक साथ चलती हैं कई कक्षाएं

हालांकि स्कूल में पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों को दो-तीन कमरों में एक साथ बैठाकर पढ़ाया जाता है. एकमात्र शिक्षक को हर 15-20 मिनट में कक्षा बदलनी पड़ती है, जिससे पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है. शिक्षक के अनुपस्थित रहने या किसी कार्य से बाहर जाने पर स्कूल संचालन लगभग ठप हो जाता है.

Also Read: Ranchi: सरहुल आयोजन स्थलों पर नहीं होगी पानी की किल्लत, मेयर रोशनी खलखो का अधिकारियों को निर्देश

ग्रामीणों की चेतावनी: शिक्षक नहीं तो स्कूल बंद

शिक्षा व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में बैठक कर अपनी चिंता जाहिर की. बैठक में मुखिया करम सिंह मुंडा ने बताया कि बीडीओ, बीईईओ और जिला शिक्षा अधीक्षक को पहले ही आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्कूल में शिक्षक की प्रतिनियुक्ति नहीं की गयी, तो वे बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे. उन्होंने इस संबंध में विभाग को लिखित सूचना देने का भी निर्णय लिया है.

Also Read: क्या CM हेमंत से बगावत पूर्व मंत्री को पड़ गया भारी? कांग्रेस ने दिखाया सीधा बाहर का रास्ता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >