Ramgarh Robbery Case, रामगढ़ (भागीरथ महतो की रिपोर्ट): रामगढ़ जिला अंतर्गत रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में बीते 21 अप्रैल को हुई डकैती कांड का रामगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से भारी मात्रा में लूटे गए जेवरात, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं.
बिहार और झारखंड के कई जिलों में चली छापेमारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई थी. टीम ने रामगढ़, लातेहार, पलामू और रांची सहित बिहार के नालंदा जिले में लगातार छापेमारी की. पुलिस को पहली बड़ी कामयाबी नालंदा के हरनौत में मिली, जहां एक एर्टिगा कार से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को लूटे गए आभूषणों के साथ दबोचा गया. ये आरोपी आभूषणों को बिहार में खपाने की फिराक में थे. इसके बाद पलामू के पिपराटांड़ से अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हुई.
बरामद सामानों की लंबी सूची
पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), तीन जिंदा कारतूस, एक एर्टिगा कार, एक अपाची मोटरसाइकिल, एक होंडा शाइन और एक स्कूटी बरामद की है. इसके अलावा सोने की दर्जनों अंगूठियां, बजरंग बली और दुर्गा मां के लॉकेट, झुमके, चांदी के बर्तन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी भी शामिल हैं, जिनके पास से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद हुए हैं.
मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका (मांडू निवासी) शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ जमशेदपुर, मांडू, रजरप्पा, और पेटरवार थानों में आर्म्स एक्ट, डकैती और एनडीपीएस एक्ट के करीब 15 मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है.
टीम वर्क ने दिलाया परिणाम
इस सफल उदभेदन में प्रशिक्षु डीएसपी फैजान अहमद, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय समेत कई थानों की पुलिस और तकनीकी शाखा के कर्मियों की अहम भूमिका रही. पीड़ित विष्णु प्रसाद के बयान पर दर्ज इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है.
Also Read: भवनाथपुर में गैस सिलेंडर की गाड़ी देख मची अफरा-तफरी, लकड़ी के भरोसे चल रहे होटल
