इचाक के मजदूर की जयपुर में हुई मौत, शव पहुंचते ही गांव में छाया मातम
इचाक : हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगुरा गांव का 48 वर्षीय मनोज मेहता (पिता गिरधारी महतो) काम करने जयपुर गये थे. जहां उसकी मौत हो गयी. मनोज जयपुर के आयरन रॉलिंग मिल में काम करते थे. परिजनों ने बताया कि काम करते वक्त इसके सिर पर लोहे का चैनल गिर गया जिससे उसका सिर पूरी तरह कुचल गया. जिससे आयरन मिल में ही उसकी मौत हो गई. मृतक का शव गुरुवार को पैतृक गांव मंगुरा लाया गया. शव पहुंचते ही पूरा गांव गमगीन हो गया. पत्नी सोहवा देवी, पुत्र रवि, लक्ष्मण, बेटी प्रिया, बड़ी बहू समेत परिजन एवं ग्रामीणों के आंखों में आंसू थम नहीं रहे थे. पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी. बताया गया कि मृतक मनोज मेहता तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था. बड़े भाई लखन मेहता और छोटा भाई संजय मेहता समेत तीनों भाई पूरे परिवार के साथ जयपुर में रहते थे. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से मृतक मनोज मेहता जयपुर के आयरन मिल में मजदूर के रूप में काम करता था. इधर, गमगीन माहौल में बैठा बांध श्मशान घाट में मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया. मुखाग्नि बड़ा पुत्र रवि मेहता ने दिया. अग्नि संस्कार में गांव के कई गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण शामिल हुए.