World Cup 2023: शमी और बुमराह की आंधी में उड़ा इंग्लैंड, भारत ने लगाया जीत का 'सिक्सर'

शमी और जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों की धमाकेदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के 29वें मैच में इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया. इसके साथ ही भारत ने जीत का सिक्सर भी लगा दिया है. लगातार 6 मैच जीतकर भारतीय टीम 12 अंकों के साथ फिर से प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया है.

मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों की धमाकेदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने वर्ल्ड कप 2023 के 29वें मैच में इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया. इसके साथ ही भारत ने जीत का सिक्सर भी लगा दिया है. लगातार 6 मैच जीतकर भारतीय टीम 12 अंकों के साथ फिर से प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया है. रोहित शर्मा के शानदार 87 रनों की पारी के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 229 रन का स्कोर बनाया था. फिर इंग्लैंड को 34.5 ओवर में केवल 129 रन पर ही ढेर कर दिया. शमी ने 4 और बुमराह ने तीन विकेट चटकाए.

शमी का इकाना में तूफानी गेंदबाजी

इकाना स्टेडियम में मोहम्मद शमी ने घातक गेंदबाजी की. उन्होंने 7 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए. जबकि उन्होंने दो मेडन ओवर भी दिया. शमी ने इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में विकेट का पंच भी लगाया था.

बुमराह ने तीन विकेट चटकाए

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने भी घातक गेंदबाजी की और इंग्लैंड के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. उन्होंने लगातार दो गेंद पर डेविड मलान और जो रूट को आउट कर इंग्लैंड को बैक फुट पर भेज दिया. बुमराह ने 6.5 ओवर की गेंदबाजी में 32 रन देकर तीन विकेट चटकाया. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने दो और जडेजा ने भी एक विकेट लिए.

रोहित शर्मा का अर्धशतक, 229 रन ही बना पाई टीम इंडिया

भारत कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक के बावजूद इंग्लैंड की धारदार गेंदबाजी के सामने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मुकाबले में नौ विकेट पर 229 रन ही बना सका. डेविड विली (45 रन पर तीन विकेट), क्रिस वोक्स (33 रन पर दो विकेट) और आदिल राशिद (35 रन पर दो विकेट) की सटीक गेंदबाजी के सामने भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए. रोहित ने 87 रन की पारी खेलने के अलावा लोकेश राहुल (39) के साथ उस समय चौथे विकेट के लिए 91 रन जोड़े जब भारत 40 रन पर तीन विकेट गंवाकर संकट में था. सूर्यकुमार यादव ने 49 रन की पारी खेलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ने 12वें ओवर में 40 रन तक ही सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (09), विराट कोहली (00) और श्रेयस अय्यर (04) के विकेट गंवा दिए. विली ने रोहित को पारी का पहला ओवर मेडन डाला जबकि भारतीय कप्तान ने इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में एक चौके और दो छक्के से अपने तेवर दिखाए.

गिल ने वोक्स पर चौके से खाता खोला लेकिन इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में अंदर आती गेंद को चूककर बोल्ड हो गए. अच्छी फॉर्म में चल रहे कोहली भी नौ गेंद खेलने के बाद खाता खोले बिना विली की गेंद पर मिड ऑफ पर बेन स्टोक्स को कैच दे बैठे. कोहली 2023 में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में पहली बार शून्य पर आउट हुए.

अय्यर भी चार रन बनाने के बाद वोक्स का दूसरा शिकार बने. उन्होंने मिड ऑन पर मार्क वुड को कैच थमाया. रोहित और राहुल ने इसके बाद पारी को संभाला. रोहित जब 33 रन बनाकर खेल रहे थे तब वुड की गेंद पर अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट दिया. भारतीय कप्तान ने हालांकि डीआरएस का सहारा लिया और रीप्ले में दिखा कि गेंद विकेटों से नहीं टकरा रही जिसके बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा.

रोहित ने राशिद पर चौका और फिर वुड पर दो रन के साथ 66 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. राहुल ने लियान लिविंगस्टोन पर लगातार दो चौके मारे जिससे 25वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा हुआ. राहुल हालांकि विकेट पर जमने के बाद विली की उछाल लेती गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहरा बैठे और जॉनी बेयरस्टो ने मिड ऑन पर आसान कैच लपका. उन्होंने 58 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे.

रोहित भी इसके बाद राशिद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मिड विकेट पर लिविंगस्टोन के हाथों लपके गए. सूर्यकुमार ने इसके बाद मोर्चा संभाला. उन्होंने विली पर चौके से खाता खोलने के बाद इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में भी चौका जड़ा.

राशिद ने रविंद्र जडेजा (08) को पगबाधा करके भारत को 182 रन के स्कोर पर छठा झटका दिया. मोहम्मद शमी (01) ने भी वुड के अगले ओवर में विकेटकीपर जोस बटलर को कैच दिया. सूर्यकुमार ने वुड पर छक्के के साथ 46वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन विली की गेंद पर वोक्स को कैच देकर पवेलियन लौट गए. उन्होंने 47 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >