भारत-बांग्लादेश के बीच रेल सेवा दो साल के बाद बहाल, कोलकाता से रवाना हुई बंधन एक्सप्रेस

भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री रेल सेवा दो वर्ष पहले कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद कर दी गयी थी. यह सेवा सुबह 7:10 बजे कोलकाता स्टेशन से बंधन एक्सप्रेस के रवाना होने के साथ ही बहाल हो गयी.

कोलकाता: कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दो वर्ष तक बंद रहने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को रेल सेवा बहाल हो गयी. इस दौरान कोलकाता स्टेशन से पड़ोसी मुल्क के खुलना के लिए बंधन एक्सप्रेस (Bandhan Express) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. पूर्वी रेलवे (Eastern Railway) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मैत्री एक्सप्रेस (Maitri Express) के भी रविवार से शुरू होने की उम्मीद है.

कोलकाता से ढाका के बीच चलेगी मैत्री एक्सप्रेस

यह रेलगाड़ी कोलकाता से रविवार को चलेगी और सोमवार सुबह ढाका पहुंचेगी. ईआर के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा, ‘भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री रेल सेवा दो वर्ष पहले कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद कर दी गयी थी. यह सेवा सुबह 7:10 बजे कोलकाता स्टेशन से बंधन एक्सप्रेस के रवाना होने के साथ ही बहाल हो गयी.’

सप्ताह में दो दिन चलती है बंधन एक्सप्रेस

कोलकाता से खुलना के बीच बंधन एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन चलती है. वहीं, कोलकाता से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए मैत्री एक्सप्रेस पांच दिन संचालित होगी. एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि सीमा के दोनों तरफ के लोग ट्रेन सेवा के बहाल होने से खुश हैं और अगले कुछ दिनों के लिए सभी सीटें आरक्षित हो गयीं हैं.

दोनों ट्रेनों में जा सकते हैं 450 यात्री

उन्होंने कहा, ‘रेल यात्रा ज्यादा सुविधाजनक और यात्रा की अवधि भी ठीक होने के कारण लोग बस या हवाई यात्रा के मुकाबले ट्रेन को ज्यादा तरजीह देते हैं.’ दोनों ट्रेनों की क्षमता लगभग 450 यात्रियों की है और इनमें एसी चेयरकार के अलावा एक्जीक्यूटिव श्रेणी की सीटें भी मौजूद हैं.

पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

चक्रवर्ती ने बताया कि पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत और बांग्लादेश के बीच रेल संपर्क को एक जून से और मजबूती मिलेगी, क्योंकि उस दिन मिताली एक्सप्रेस का उद्घाटन किया जायेगा. यह ट्रेन भारत के न्यू जलपाईगुड़ी से ढाका तक जायेगी. उन्होंने उम्मीद जतायी कि नयी रेल सेवा से उत्तर-पश्चिम बंगाल में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >