धनबाद जज मौत मामला: इंटरपोल की मदद लेगी CBI, बड़ी साजिश की आशंका के तहत होगी जांच

धनबाद जज उत्तम आनंद मामले में सीबीआई यूएसए इंटरपोल की मदद लेगी. ये जानकारी कल सीबीआई ने हाईकोर्ट में दी. खंडपीठ ने सीबीआइ की ओर से पेश स्टेटस रिपोर्ट का अवलोकन भी किया.

धनबाद: धनबाद के जज उत्तम आनंद की मौत के मामले में जांच को आगे बढ़ाने में सीबीआइ यूएसए इंटरपोल की मदद लेगी. व्हाट्सऐप चैट की जांच होनी है और इसके लिए सीबीआइ ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास आवेदन दिया है. फिलहाल आवेदन लंबित है. अनुमति के बाद इंटरपोल इंडिया के माध्यम से यूएसए इंटरपोल से मदद ली जायेगी. यह जानकारी सीबीआइ की ओर से झारखंड हाइकोर्ट में दी गयी. चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन व जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की खंडपीठ शुक्रवार को धनबाद के जज उत्तम आनंद मौत मामले में स्वत: संज्ञान से दर्ज पीआइएल पर सुनवाई कर रही थी.

पेश स्टेटस रिपोर्ट का किया अवलोकन : 

खंडपीठ ने सीबीआइ की ओर से पेश स्टेटस रिपोर्ट का अवलोकन भी किया. सुनवाई के दौरान सीबीआइ का पक्ष सुना. इसके बाद पुन: अगली तिथि को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. अगली सुनवाई के लिए खंडपीठ ने 14 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की. इससे पूर्व सीबीआइ की ओर से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव ने पक्ष रखते हुए खंडपीठ को बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है.

सीबीआइ मामले में बड़ी साजिश की जांच कर रही है. व्हाट्सऐप चैट की जांच में यूएसए इंटरपोल की मदद लेकर जांच आगे बढ़ायी जायेगी. खंडपीठ ने पिछली सुनवाई के दौरान सीबीआइ से पूछा था कि मामले में ट्रायल पूरा हो जाने के बाद किस प्रोविजन के तहत आगे जांच जारी रखी जा सकती है. ज्ञात हो कि धनबाद के जज उत्तम आनंद की मौत टेंपो की टक्कर से हो गयी थी.

झारखंड हाइकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया था. पूर्व में मामले की एसआइटी से जांच करायी गयी. बाद में हाइकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच सीबीआइ के हवाले की गयी. धनबाद सीबीआइ की विशेष अदालत ने ट्रायल में दोषी पाये गये आरोपी लखन वर्मा व राहुल वर्मा को उम्र कैद की सजा सुनायी है. साथ ही 25-25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >