कोलकाता (नवीन कुमार राय) : कांग्रेस और वाम दलों के बीच गुरुवार को 193 सीटों पर सहमति बन गयी है. 92 सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी और 101 पर वामदल चुनाव लड़ेंगे. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में तृणमूल एवं भाजपा को मात देने के लिए बने गठबंधन ने 28 फरवरी को ब्रिगेड में शक्ति प्रदर्शन का भी फैसला किया.
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि अब तक 193 सीटों पर बातचीत हो चुकी है. पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 में से बची हुई 101 सीटों पर जल्दी ही सहमति बन जायेगी. उन्होंने उम्मीद जतायी कि शीघ्र अगले दौर की बैठक होगी और गठबंधन की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया जायेगा.
श्री चौधरी ने बताया कि पिछली बैठक में 77 सीटों पर सहमति बनी थी. इनमें से 44 सीटें कांग्रेस के हिस्से में आयी थीं, जबकि 33 सीटें लेफ्ट को मिलीं थीं. इससे पहले सोमवार को गठबंधन की पहली बैठक में तय हुआ था कि जिस सीट पर जो पार्टी जीती है, उस पर वही चुनाव लड़ेगा. इनमें से वाममोर्चा की 33 सीटें और कांग्रेस की 44 सीटें थीं.
इस तरह तय हो गया है कि कांग्रेस-वाम गठबंधन में 101 सीटों पर वाम मोर्चा चुनाव लड़ेगा और 92 सीटों पर कांग्रेस. कोलकाता स्थित कांग्रेस मुख्यालय विधान भवन में बैठक में वाम मोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस, माकपा के राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्र, नरेन चटर्जी, सपन बनर्जी, सरीखे नेता थे.
कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी, प्रदीप भट्टाचार्य, मनोज चक्रवर्ती और अब्दुल मन्नान जैसे नेता शामिल हुए. बैठक में तय हुआ कि बाकी सीटों पर जल्द ही सहमति बना ली जाये. उल्लेखनीय है कि कांग्रेस आलाकमान पहले ही प्रदेश कांग्रेस को अल्टीमेटम दे चुका है कि हर हाल में 31 जनवरी तक गठबंधन की रूपरेखा तय हो जानी चाहिए.
वाम मोर्चा का शुरू से ही कहना था कि अगर समय रहते सीटों पर फैसला हो जाये, तो गठबंधन मजबूत स्थिति में रहेगा. लिहाजा, वाम मोर्चा चाहता था कि संयुक्त आंदोलन के तहत गठबंधन जनता का विश्वास हासिल करके चुनाव में जाये. इसलिए 28 फरवरी को गठबंधन ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा.
Posted By : Mithilesh Jha
