कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में अपनी 5 रथ यात्राएं निकालने पर अड़ी है, तो ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सरकार उसे रोकने की कोशिशों में जुटी है. भाजपा ने मुख्य सचिव के कार्यालय से इसकी अनुमति मांगी, तो भाजपा को जवाब मिला कि जहां से रथ यात्राएं शुरू करनी है, वहां स्थानीय प्रशासन से अनुमति लें.
एक तरह से मुख्य सचिव ने रथ यात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी ने मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय को पत्र देकर रथ यात्रा की अनुमति देने का आग्रह किया था. पत्र में कहा गया था कि राज्य की भाजपा इकाई ने फरवरी और मार्च में रथ यात्रा के रूप में राज्य भर में शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया है.
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा हमेशा से ही कानून के मुताबिक अपने कार्यक्रम आयोजित करती आयी है. यह रथ यात्रा भी शांतिपूर्वक तरीके से निकाली जायेगी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी. उन्होंने कहा कि रथ यात्रा की अनुमति प्रदान करने के लिए आवेदन किया गया है. भाजपा की ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ हर हाल में निकलेगी.
Also Read: भाजपा की रथ यात्रा पर रोक लगाने के लिए कलकत्ता हाइकोर्ट में जनहित याचिका
कहां-कहां से निकलेगी रथ यात्रा, क्या होगा रूट
6 फरवरी को नदिया जिला के नवद्वीप से रथ यात्रा निकाली जायेगी. यह नदिया, मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना के कुछ हिस्सों से होते हुए बैरकपुर तक जायेगी.
8 फरवरी को कूचबिहार टाउन से रथ यात्रा शुरू होगी, जो दार्जीलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, अलीपुरदुआर, कूचबिहार से होते हुए मालदा तक जायेगी.
8 फरवरी को एक और रथ यात्रा दक्षिण 24 परगना जिला के काकद्वीप से निकाली जायेगी, जो दक्षिण 24 परगना जिले के विभिन्न हिस्सों से होते हुए कोलकाता तक पहुंचेगी.
Also Read: West Bengal Election: रथ यात्रा के लिए स्थानीय प्रशासन से अनुमति लें, भाजपा को मुख्य सचिव का जवाब
9 फरवरी को झाड़ग्राम से रथ यात्रा शुरू होगी, जो हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर से होते हुए बेलूड़ तक जायेगी.
9 फरवरी को बीरभूम जिले के तारापीठ से रथ यात्रा निकलेगी, जो पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, आसनसोल, बांकुड़ा होते हुए पुरुलिया तक जायेगी.
Posted By : Mithilesh Jha
