गढ़वा के विशुनपुरा में 800 बुजुर्ग पेंशन से हुए वंचित, बीडीओ ने बताया फिर से कैसे मिलेंगे पैसे

विशुनपुरा प्रखंड में करीब 800 बुजुर्गों की वृद्धा पेंशन डिलीट हो गयी है. जिनकी पेंशन बंद हो गयी है, वे दर-दर भटक रहे हैं. ऐसे भी लोग हैं, जिनकी वृद्धा पेंशन आज तक शुरू ही नहीं हुई. ऐसी ही एक महिला है मनवा देवी. 10 वर्ष से पेंशन के लिए ऑफिस-ऑफिस घूम रही है.

झारखंड के सुदूरवर्ती जिला गढ़वा (Garhwa District) के विशुनपुरा प्रखंड की विशुनपुरा पंचायत (Bishunpura Panchayat) के संध्या गांव (Sandhya Village) निवासी हैं राजेंद्र यादव. उम्र 71 साल है. पत्नी का नाम अकली देवी है. उम्र 66 साल. इस बुजुर्ग दंपती को चार महीने में कम से कम 8,000 रुपये का नुकसान हो चुका है. बीमारी का इलाज नहीं करवा पा रहे हैं. चश्मा टूट गया. उसमें रस्सी बांधकर पहन रहे हैं, क्योंकि पेंशन (Pension) के पैसे से गुजारा होता था. वह बंद हो गयी है. ऐसे कम से कम 800 लोग हैं, जिनकी पेंशन बंद हो गयी है.

800 बुजुर्गों की वृद्धा पेंशन डिलीट

ऑनलाइन डाटा पर गौर करेंगे, तो पायेंगे कि विशुनपुरा प्रखंड में करीब 800 बुजुर्गों की वृद्धा पेंशन डिलीट हो गयी है. जिनकी पेंशन बंद हो गयी है, वे दर-दर भटक रहे हैं. ऐसे भी लोग हैं, जिनकी वृद्धा पेंशन आज तक शुरू ही नहीं हुई. ऐसी ही एक महिला है मनवा देवी. 10 वर्ष से पेंशन के लिए ऑफिस-ऑफिस घूम रही है. 75 साल की मनवा देवी के घर में कमाने वाला कोई नहीं है. सरकार से उम्मीद थी कि पेंशन मिलेगी, वह भी नहीं मिल रही है.

Also Read: Jharkhand: गढ़वा में बगैर रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं कई अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
कमाय वाला कोई नइखे: मनवा देवी

विशुनपुरा पंचायत की मनवा देवी (75) कहती हैं कि वह 10 वर्षों से पेंशन के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रही है. वह कहती हैं, ‘घर में कमाय वाला कोई नइखे. पति के मृत्यु हो गइल बा. हमर कोई बाल-बच्चा नइखे, दस साल से दउड़त ही. हमरा पेंशन नइखे मिलत बाबू. कोई नइखे सुनत.’

पड़ोस में भीख मांगती है मनवा देवी

मनवा देवी कहती हैं कि पति के निधन के बाद जीवन यापन का कोई सहारा नहीं रहा. उम्र इतनी हो गयी है कि मेहनत-मजदूरी भी नहीं कर सकती. शरीर पूरी तरह थक चुका है. भूख मिटाने के लिए पड़ोस में भीख मांगती हैं. मनवा देवी ने बताया कि इस उम्र में वृद्धा पेंशन मिले, तो गुजारा हो जाये, लेकिन वो भी नहीं मिल रही है.

चार महीने के 8,000 रुपये भी नहीं मिले

संध्या गांव के राजेंद्र यादव ने बताया कि उनका और उनकी पत्नी अकली देवी की पेंशन बिना फिजिकल वेरिफिकेशन के डिलीट कर दी गयी. पेंशन डिलीट हो जाने के कारण चार महीने का बकाया 8,000 हजार रुपये भी नहीं मिला. उन्होंने कहा कि पति-पत्नी का इलाज पेंशन के पैसे से ही होता था. पेंशन बंद होने के बाद इलाज तो रुक ही गया है, चिंता में बीमारी और बढ़ गयी है.

गढ़वा के उपायुक्त ने दिया था ये निर्देश

पिछले दो माह से बिना फिजिकल वेरिफिकेशन किये 800 से अधिक लोगों के नाम पेंशन की सूची से काट दिये गये. बता दें कि गढ़वा जिला के उपायुक्त ने निर्देश दिया था कि प्रखंड कार्यालय फर्जी पेंशनधारियों की पहचान करके उनके नाम को लिस्ट से डिलीट करें. लेकिन, बुजुर्गों का आरोप है कि बिना कोई सत्यापन किये ही उनकी पेंशन डिलीट कर दी गयी है. फलस्वरूप योग्य लाभुक भी पेंशन से वंचित हो रहे हैं.

ऐसी-ऐसी गड़बड़ियां मिलीं

मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड में राजेंद्र यादव की उम्र 71 वर्ष दर्ज है. ऑनलाइन चेक करने पर उनकी उम्र 63 वर्ष बता रहा है. इसी तरह अकली देवी की उम्र वोटर आईडी व आधार कार्ड में 66 वर्ष है. ऑनलाइन चेक करने पर 45 वर्ष बता रहा है. ऐसी ही गड़बड़ियों की वजह से 800 लोगों की पेंशन डिलीट हुई है. कई फर्जी लोग भी पकड़े गये हैं. राजेंद्र यादव और अन्य का कहना है कि अगर फिजिकल वेरिफिकेशन किया गया होता, तो योग्य लाभुक पेंशन से वंचित न होते.

आधार और वोटर कार्ड लेकर आयें, शुरू होगी पेंशन: बीडीओ

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) हीरक मन्ना केरकेट्टा ने कहा कि अगर किसी योग्य लाभुक की पेंशन डिलीट हो गयी है, तो वह आधार कार्ड एवं मतदाता पहचान पत्र लेकर कार्यालय में प्रस्तुत करें. उनकी पेंशन फिर से शुरू हो जायेगी. बता दें कि मनवा देवी ने आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जमा करवा दिया है. उसकी पेंशन भी स्वीकृत हो गयी है.

रिपोर्ट- आशुतोष, विशुनपुरा, गढ़वा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >