Samsung के कुछ Galaxy स्मार्टफोन यूजर्स इन दिनों एक नई समस्या का सामना कर रहे हैं. कई यूजर्स का दावा है कि जुलाई 2026 का लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करने के बाद उनके फोन की बैटरी पहले की तुलना में काफी तेजी से खत्म हो रही है. इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने फोन के जरूरत से ज्यादा गर्म होने और चार्जिंग स्पीड धीमी होने की भी शिकायत की है. फिलहाल सैमसंग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन ऑनलाइन फोरम और सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं.
किन Galaxy स्मार्टफोन्स में सामने आई समस्या?
'मैशेबल' की रिपोर्ट्स के मुताबिक सबसे ज्यादा शिकायतें Samsung Galaxy S24 Ultra और Galaxy S25 Ultra यूजर्स की ओर से सामने आई हैं. Reddit और Samsung Community Forum जैसे प्लैटफॉर्म पर कई यूजर्स ने बताया कि जुलाई सिक्योरिटी अपडेट के बाद बैटरी बैकअप में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली.
कुछ यूजर्स का कहना है कि पहले जहां फोन पूरे दिन आसानी से चल जाता था, वहीं अब कुछ घंटों में ही बैटरी खत्म हो रही है. एक यूजर ने दावा किया कि उसका फोन करीब दो घंटे के स्क्रीन टाइम में 85 प्रतिशत से घटकर सिर्फ 5 प्रतिशत बैटरी पर पहुंच गया.
बैटरी के साथ ओवरहीटिंग और स्लो चार्जिंग की भी शिकायत
बैटरी ड्रेन के अलावा कुछ यूजर्स ने यह भी बताया कि अपडेट के बाद उनका स्मार्टफोन सामान्य इस्तेमाल के दौरान भी पहले से ज्यादा गर्म हो रहा है. वहीं कुछ लोगों ने चार्जिंग स्पीड में कमी आने की बात भी कही है.
कई पोस्ट में WhatsApp का भी जिक्र किया गया है. कुछ यूजर्स का कहना है कि इस ऐप का इस्तेमाल करते समय बैटरी की खपत ज्यादा हो रही है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि समस्या किसी एक ऐप से जुड़ी है या पूरे सिस्टम अपडेट से.
क्या अपडेट ही है वजह?
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि इन सभी समस्याओं की वजह सिर्फ जुलाई सिक्योरिटी अपडेट ही है. हालांकि अधिकांश शिकायतों में एक बात समान है कि बैटरी, हीटिंग और चार्जिंग से जुड़ी दिक्कतें अपडेट इंस्टॉल करने के बाद ही शुरू हुईं.
ऐसे मामलों में कई बार अपडेट के बाद सिस्टम बैकग्राउंड में ऑप्टिमाइजेशन और इंडेक्सिंग जैसी प्रक्रियाएं भी चलाता है, जिससे कुछ समय के लिए बैटरी की खपत बढ़ सकती है. लेकिन यदि समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो कंपनी आमतौर पर अगले अपडेट में सुधार जारी करती है.
Samsung की ओर से अभी नहीं आया कोई आधिकारिक जवाब
अब तक Samsung ने इन शिकायतों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी इन रिपोर्ट्स की जांच कर रही है या नहीं.
अगर आने वाले दिनों में Samsung को इस समस्या की पुष्टि होती है, तो संभव है कि कंपनी नया सॉफ्टवेयर अपडेट जारी कर बैटरी ड्रेन, ओवरहीटिंग और चार्जिंग से जुड़ी दिक्कतों को दूर करे.
अगर आपके Galaxy फोन में भी आ रही है दिक्कत तो क्या करें?
अगर अपडेट के बाद आपके Galaxy स्मार्टफोन में भी बैटरी तेजी से खत्म हो रही है या फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो सबसे पहले यह जांच लें कि सभी ऐप्स अपडेट हैं या नहीं. बैकग्राउंड में ज्यादा बैटरी इस्तेमाल करने वाले ऐप्स की पहचान करें और कुछ दिन तक फोन के व्यवहार पर नजर रखें. यदि समस्या लगातार बनी रहती है, तो Samsung के अगले सॉफ्टवेयर अपडेट का इंतजार करना बेहतर विकल्प हो सकता है.
ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S25 हुआ काफी सस्ता, ₹81 हजार का हैंडसेट अब आया ₹50 हजार के करीब, यहां देखें डील
