ऑडियो प्रोडक्ट्स के लिए जानी जाने वाली कंपनी Mivi अब स्मार्टफोन मार्केट में एंट्री करने की तैयारी कर रही है. कंपनी अपना पहला स्मार्टफोन Mivi One लेकर आ रही है. अब इसकी भारत में लॉन्च डेट भी कन्फर्म हो गई है. स्मार्टफोन इसी महीने लॉन्च किया जाएगा, जिसके साथ हैदराबाद बेस्ड Mivi का पोर्टफोलियो ऑडियो प्रोडक्ट्स से आगे बढ़कर स्मार्टफोन कैटेगरी में पहुंच जाएगा.
Mivi One में Qualcomm का Snapdragon 5G मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया जाएगा और इसकी मैन्युफैक्चरिंग भारत में ही होगी. इस स्मार्टफोन को तैयार करने के लिए कंपनी Qualcomm, Flipkart और Google के साथ मिलकर काम कर रही है.
Mivi One 5G भारत में 24 सितंबर को होगा लॉन्च
Mivi ने प्रेस रिलीज के जरिए बताया है कि कंपनी अपना नया Mivi One 5G स्मार्टफोन भारत में 24 सितंबर को लॉन्च करेगी. इस फोन की खास बात यह है कि इसे भारत में ही बनाया जाएगा. फोन को हैदराबाद में मौजूद Mivi की फैक्ट्री में तैयार किया जाएगा. डिजाइन की बात करें तो फोन के रियर पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप देखने को मिलेगा. कैमरा आइलैंड में दो बड़े गोल कैमरा रिंग्स दिए गए हैं, जिन्हें तिरछे तरीके से प्लेस किया गया है. इनके साथ साइड में छोटा सा पिल शेप LED फ्लैश भी नजर आता है.
Google के साथ पार्टनरशिप, Snapdragon प्रोसेसर का मिलेगा सपोर्ट
Mivi One 5G की बिक्री Flipkart के जरिए की जाएगी. कंपनी ने कन्फर्म किया है कि फोन में Qualcomm का Snapdragon 5G प्लेटफॉर्म मिलेगा, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं किया गया है कि इसमें कौन-सा Snapdragon चिपसेट दिया जाएगा. ऑनलाइन सामने आए टीजर में फोन का ग्रीन कलर वेरिएंट भी नजर आया है. फोन में राउंडेड कॉर्नर्स दिए गए हैं, जो इसके लुक को काफी प्रीमियम टच देते हैं.
Mivi One के लिए कंपनी ने Google को अपना स्ट्रैटेजिक पार्टनर भी बताया है, लेकिन दोनों कंपनियों के बीच पार्टनरशिप किस तरह की है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. फोन के टीजर में क्लीन सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस का भी जिक्र किया गया है. हालांकि, Mivi ने अभी यह कन्फर्म नहीं किया है कि One 5G में लगभग स्टॉक Android मिलेगा या फिर फोन में पहले से इंस्टॉल किए गए ऐप्स की संख्या कम रखी जाएगी.
ईयरबड्स-स्पीकर्स के बाद अब स्मार्टफोन बनाएगी Mivi
करीब 10 साल से ईयरबड्स, हेडफोन्स, स्पीकर्स, साउंडबार और होम थिएटर जैसे ऑडियो सामान बनाने वाली कंपनी Mivi अब स्मार्टफोन के बाजार में उतरने जा रही है. अभी तक कंपनी का पूरा ध्यान ऑडियो प्रोडक्ट्स पर रहा है, लेकिन अब Mivi अपना कारोबार बढ़ाना चाहती है. इसी वजह से कंपनी अब स्मार्टफोन समेत दूसरे तकनीकी सामान भी बनाने की तैयारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: realme 16 Lite की डिटेल्स हुई लीक! 8,000mAh बैटरी और 50MP कैमरा के साथ जल्द होगा लॉन्च
